
झौर का एक बूथ बदलने के विरोध में ग्रामीणों ने निकाली रैली
लावासरदारगढ़ कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के झौर के एक बूथ को हटाकर दूसरे गांव बुधपुरा में स्थानांतरित करने के विरोध में ग्रामीणों के द्वारा मतदान का बहिष्कार करने की घोषणा की गई है। इस पर अधिकारी उन्हें मनाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वार्ता सफल नहीं हो पाई। इस बीच ग्रामीणों ने आदेश के विरोध में रैली निकाली।
मतदाताओं को मनाने के लिए आमेट उपखण्ड अधिकारी कालुराम खोड़ दोपहर 12 बजे झौर पंचायत मुख्यालय पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने बूथ को अलग करने पर नाराजगी जाहिर की। एसडीएम खोड ने ग्रामीणों को समझाने के प्रयास किए। उन्होंने बताया कि एक बार अधिसूचना जारी होने के बाद बदलाव संभव नहीं है और अब 11 दिसंबर के बाद ही कुछ हो सकता है। ऐसे में उन्होंने इस चुनाव में मतदान करने व बाद में उनकी मांग के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। इसके बाद भी ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे, जिससे वार्ता विफल हो गई। मौके पर ग्रामीणों ने नारेबाजी कर विरोध जताया। वहीं अधिकारियों के जाने के बाद ग्रामीणों ने दुपहिया वाहन से रैली निकालकर रकमपुरा झौर, गोवलिया में जाकर मतदाताओं से इस बार 7 दिसम्बर को मतदान नहीं करने की अपील की। इस दौरान तहसीलदार किशनलाल मीणा, ग्राम विकास अधिकारी देवीलाल गुर्जर, पूर्व वार्डपंच मुकुंदसिंह, उदयलाल जाट, रतनलाल जाट, नारायणलाल खारोल, सुरेन्द्रसिंह, गिरधारी लाल गाडरी आदि मौजूद थे।
बीएलओ को फटकार
मौके पर आमेट एसडीएम खोड ने बूथ बदलने की जानकारी समय पर ग्रामीणों को नहीं देने को लेकर फटकार भी लगाई।
Published on:
24 Nov 2018 08:39 pm
