
कड़ी निगरानी रखें, सख्त कार्रवाई करें- मनीष कुमार
राजसमन्द. निर्वाचन आयोग द्वारा राजसमन्द लोकसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक मनीष कुमार चौधरी ने राजसमन्द जिला कलक्ट्री सभाकक्ष में लोकसभा चुनाव से संबंधित व्यय प्रकोष्ठ व निर्वाचन व्यय से संबंधित विभिन्न टीमों के अधिकारियों एवं कार्मिकों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में रिटर्निंग अधिकारी जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल, उपजिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार, प्रशिक्षण प्रभारी एवं नाथद्वारा मन्दिर मण्डल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेन्द्र ओझा, जिले के उपखण्ड अधिकारी, व्यय निगरानी के लिए नियुक्त विभिन्न दलों के अधिकारी एवं कार्मिक तथा निर्वाचन व्यय प्रकोष्ठ के अधिकारी उपस्थित थे।
चौधरी ने लोकसभा चुनाव में विभिन्न प्रकार के व्यय से संबंधित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कहा कि इसके लिए जो भी टीमें लगाई गई हैं, उनके अधिकारी एवं कार्मिक क्षेत्र के दौरे पर अधिक ध्यान दें। व्यय पर्यवेक्षक ने प्रत्याशियों की व्यय सीमा, मतदाताओं को प्रभावित करने वाले कारकों, विभिन्न प्रकार के वितरण, सीविजिल एप के अधिकाधिक उपयोग एवं कार्यवाही निस्तारण, मतदाता जागरुकता के लिए सही वातावरण निर्माण, प्रचार सामग्री से संबंधित दिशा-निर्देशों प्रचार सामग्री प्रकाशन से संबंधित नियमों आदि पर चर्चा की। व्यय पर्यवेक्षक ने राजसमन्द लोकसभा क्षेत्र में निर्वाचन गतिविघियों के अन्तर्गत की गई कार्रवाई व समसामयिक हालातों के बारे में विस्तार से जानकारी ली और कहा कि स्वतंत्र, भयमुक्त एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों को अच्छी तरह निभाएं। आरंभ में रिटर्निंग अधिकारी अरविन्द कुमार पोसवाल ने व्यय पर्यवेक्षक का स्वागत किया और राजसमन्द लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित जानकारी दी।
पहले दिन नहीं आया कोई नामांकन
राजसमंद. लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन भरने के पहले दिन कोई नाम निर्देशन पत्र दाखिल नहीं हुआ। यह जानकारी रिटर्निंग अधिकारी जिला कलक्टर एवं मजिस्ट्रेट अरविन्द कुमार पोसवाल ने दी।
Published on:
02 Apr 2019 08:49 pm
