
एनिकट में युवक लापता, आज फिर शुरू होगा रेस्क्यू
कुंवारिया. समीपवर्ती फियावड़ी एनिकट में नहाने गया युवक लापता हो गया। करीब छह घण्टे रेस्क्यू ऑपरेशन चलने के बाद अंधेरा पडऩे से इसे रोक लिया गया। शनिवार सुबह फिर तलाशी अभियान शुरू होगा।
जानकारी के अनुसार उपली फियावडी निवासी गोपीलाल बागरिया पुत्र तुलसीराम शुक्रवार सुबह अपनी भतीजी पूजा के साथ बकरियां चराने फियावड़ी एनिकट किनारे पहुंचा। एनिकट के समीप कपड़े खोलकर एनिकट में नहाने चला गया। एनिकट के मध्य में तैरते हुए वह अचानक पानी में डूबने लगा। पाल पर बकरियां चरा रही युवक की भतीजी पूजा ने काका को डूबते देख फियावड़ी पहुंची और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। कुंवारिया थाना प्रभारी योगेन्द व्यास, एएसआई भैरू सिंह, कमलेश कुमार, रोशनलाल, शांतिलाल, कुंवारिया नायब तहसीलदार ईश्वरचन्द्र पुरोहित, पंसस मुकेश शर्मा, पटवारी तनसुख लक्षकार आदि पहुंचे। पुलिस के बुलावे पर सिविल डिफेन्स, राजसमंद के गोताखोर गोवर्धनलाल वैष्णव, करण सिंह पंवार, विजय सनाढ्य, नरेन्द्र ठाकुर, अरशद मोहम्मद, अर्जुनलाल बैरवा आदि की टीम ने पानी में उतरकर युवक को तलाश करने का अभियान प्रारम्भ किया गया। गोताखोरों ने शाम को छह बजे तक लगातार प्रयास किए, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लगा। अंधेरा पडऩे पर तलाशी अभियान शनिवार सुबह तक के लिए रोक दिया गया। युवक के डूबने की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण व युवक के परिजन मौके पर आ गए। थाना प्रभारी योगेन्द्र व्यास ने बताया कि सुबह दुबारा तलाशी अभियान प्रारम्भ किया जाएगा।
Updated on:
19 Oct 2018 10:14 pm
Published on:
19 Oct 2018 10:14 pm
