
राजसमंद से जयपुर में प्रधानमंत्री की सभा में साढ़े 4 हजार लोगों को ले जाने में जुटा प्रशासन
राजसमंद. जयपुर में 7 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में अधिकाधिक लोगों की भीड़ जुटाने के लिए अब भाजपा और सरकार ने विभागीय अफसरों को ही लक्ष्य दे दिए हैं। एक सप्ताह से विभिन्न महकमों के अधिकारी और कार्मिक फ्लेगशिप योजना से लाभान्वित लोगों को जयपुर ले जाने के लिए पे्ररित- प्रोत्साहित कर उनकी सूची बनाने में जुटे हैं। मोदी की सभा में राजसमंद जिले से साढ़े 4 हजार लोगों को शामिल करने का सभी महकमों के अधिकारियों को लक्ष्य दिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी की सभा में भीड़ जुटाने की तैयारी व प्रगति की समीक्षा को लेकर गुरुवार दोपहर तीन बजे जिला कलक्ट्री सभागार में विशेष बैठक हुई। बैठक में कलक्टर आनंदी ने एक एक विभाग से पूछा कि उनके विभाग से संबंधित योजना के कितने लाभान्वित हैं और कितने कितने लोगों को ले जा सकेंगे। विभागी अफसरों व कार्मिकों द्वारा पे्ररित व प्रोत्साहित कर कई ग्रामीणों को जयपुर ले जाने के लिए तैयार कर लिया है, जिनकी सूची विभागीय अधिकारियों ने कलक्टर को सौंप दी। अब उसी आधार पर राजसमंद जिले से साढ़े चार हजार लोगों को जयपुर ले जाने के लिए उपखंड व ग्राम पंचायत वार बसों की व्यवस्था करने के लिए जिला परिवहन अधिकारी को कलक्टर आनंदी ने खास निर्देश दिए। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेवरी, सांसद हरिओमसिंह राठौड़, मगरा विकास बोर्ड अध्यक्ष व भीम विधायक हरिसिंह रावत, कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्रसिंह राठौड़, जिला प्रमुख प्रवेश कुमार सालवी ने भी अपने अपने क्षेत्र से संभावित लोगों की संख्या बताई।
बैठक में ये थे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रजमोहन बैरवा, जिला परिषद सीईओ गोविंद सिंह राणावत, जिला रसद अधिकारी इंदाराम मेघवंशी, सीएमएचओ डॉ. पंकज कुमार गौड़, जिला परिवहन अधिकारी नैनसिंह सोढ़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष भंवरलाल शर्मा, भीम प्रधान नरेंद्र कुमार बागड़ी, देवगढ़ प्रधान, भाजपा के महेश आचार्य आदि कार्यकर्ता थे।
योजनावार लोगों की सूची तैयार
प्रत्येक विभाग से योजनावार लोगों की सूची मांगी गई। इसके लिए बकायदा विशेष प्रपत्र जारी किया गया। इसके तहत जयपुर जाने वाले लोगों की सूची की सॉफ्ट कॉपी ई-मेल पर एवं हार्डकॉप वाहक स्तर पर हर हाल में 29 जून सुबह दस बजे तक अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय में मंगवाई गई है। जारी पत्र में 8 बिन्दू की सूचना है, जिसमें क्रम संख्या, विभाग का नाम, ग्राम पंचायत का नाम, लाभार्थी का नाम, पिता/ पति का नाम, पूर्ण पता, मोबाइल नम्बर व विशेष विवरण का कॉलम तय किया गया है।
Published on:
28 Jun 2018, 8:50 PM IST
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.