
यह करके बेटियां भी निखार सकती है अपना हुनर
राजसमंद. गतवर्ष शुरू हुए कन्या महाविद्यालय में इसवर्ष से एनसीसी और स्काउट की गतिविधियां होंगी, जिससे यहां पढऩे वाली छात्राओं को हुनार निखार का मौका मिलेगा। कॉलेज में एनसीसी के लिए ५० सीटों की स्वीकृति हुई है, जिसमें चुनिंदा स्नातक प्रथम व द्वितीय वर्ष की छात्राएं भाग ले सकेंगी। जबकि स्काउट में कोई भी इच्छुक छात्रा भाग ले सकेगी। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरके पूर्बिया ने बताया कि उच्च शिक्षामंत्री द्वारा कॉलेज को यह स्वीकृति दिलवाई गई है, इसका लाभ कॉलेज की करीब ४०० छात्राओं को मिल सकेगा।
नौकरी में मिलती है वरीयता
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) दरअसल भारतीय सैन्य कैडेट कोर है, जो कि स्वैच्छिक आधार पर स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए खुला है। इसमें होने वाली नेशनल कैडेट कोर की लिखित और परेड परीक्षा पास करने पर ए, बी और सी सर्टिफिकेट दिया जाता है। सी सर्टिफिकेट हासिल करने की परीक्षा सबसे मुश्किल होती है। एनसीसी से सर्टिफिकेट प्राप्त विद्यार्थियों को सेना, अर्धसैनिक बलों के अलावा विभिन्न सरकारी नौकरियों में वरीयता दी जाती है। इसी प्रकार स्काउट की गतिविधियों के तहत विद्यार्थियों में देश हित में कार्य करने की भावना, एकजुट होकर काम करने की प्रेरणा, प्राकृतिक संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने आदि की प्रेरणा दी जाती है। जिससे विद्यार्थी में आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भर होने की भावना बढ़ती है।
आवेदन तिथि बढ़ाने की मांग
राजसमंद. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद राजसमन्द एवं छात्रसंघ के संयुक्त तत्वाधान में सेठरंगलाल कोठारी महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन देकर आवेदन की तिथि और बढ़ाने की मांग की गई है। परिषद के जिला संयोजक गिरीश पालीवाल, छात्रसंघ अध्यक्ष चेतन जोशी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि 28 जून से 4 जुलाई तक जो प्रवेश के लिए आवेदन तिथि तय की गयी थी, प्रचार-प्रसार के अभाव में उस नियत तिथि तक आधे से कम विद्यार्थी ही आवेदन कर पाए हैं, ऐसे में तिथि बढ़ाई जाए।
एमए, एमकॉम के ऑनलाइन आवेदन शुरू
राजसमंद. एमए, एमकॉम की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रि या शुरू हो गई। विद्यार्थियों को कॉलेज शिक्षा राजस्थान की वेबसाइट पर महाविद्यालय का नाम चयन कर आवेदन करना होगा। विद्यार्थी 13 जुलाई तक ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। परास्नातक प्रथम वर्ष के लिए स्नातक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की मूल अंकतालिका अपलोड करनी आवश्यक हैं।
Published on:
05 Jul 2018 02:17 pm
