
PATRIKA IMPACT : ओवररेट और रात में शराब बिक्री पर सात ठेकेदारों पर अभियोग दर्ज
राजस्थान पत्रिका की खबरों के खुलासे पर आबकारी की सघन कार्रवाई
राजसमंद. तय समय के बाद देर रात तक शराब ठेके खुले रहने, शराब के निर्धारित दर से ज्यादा रुपए लेने का पत्रिका द्वारा स्टींग से खुलासा करने पर आबकारी दलों के छापामार कार्रवाई के तहत अनियमितता पाए जाने पर सात शराब ठेकेदारों के खिलाफ अभियोग दर्ज किए गए। इसके अलावा हथकढ़ व अवैध शराब बेचने के 31 प्रकरण दर्ज किए गए और दो हजार लीटर वॉश नष्ट किया गया। राजस्थान पत्रिका 8 जून को ‘चालीस रुपए ज्यादा दो, 24 घंटे शराब लो...’, 11 जून को ‘ठेको से दोगुनी अवैध दुकानें, खुलेआम शराब बिक्री...’, 13 जून को ‘दर सूची नहीं, वसूल रहे मनमानी कीमत...’ शीर्षक से खबरें प्रकाशित कर ठेकेदारों की मनमानी व अवैध शराब बिक्री का खुलासा किया। इस पर सहायक आबकारी अधिकारी प्रवीण कुमार केडिय़ा के नेतृत्व में निरीक्षक नरेश सुहेल, रवीन्द्रप्रताप सिंह, आबकारी थाना प्रभारी लहरसिंह, ओमसिंह, मानसिंह, सुखदेव के दल गठित किए गए। टीमों द्वारा राजसमंद, नाथद्वारा शहर, देवगढ़-भीम, खमनोर, रेलमगरा, केलवाड़ा के साथ जिलेभर में शराब दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। तय समय के बाद दुकान खुली रहने, ज्यादा रुपए वसूलना पाया जाने पर सात शराब ठेकेदारों के खिलाफ अभियोग दर्ज किए, जिनकी अग्रिम जांच शुरू कर दी गई।
अवैध शराब बेचते 22 गिरफ्तार
9 जून से 30 जून तक अवैध शराब बिक्री के 31 प्रकण दर्ज करते हुए 22 आरोपित को गिरफ्तार किया गया। इसके तहत 78 लीटर अवैध व कच्ची शराब, 179 पव्वे देसी शराब जब्त की गई और शराब बनाने का 2150 लीटर वॉश नष्ट किया।
नियमित गश्त और कार्रवाई
शहर-देहात में अधिकृत दुकानें ज्यादा देर तक खुली रहने, ज्यादा रुपए लेने व अन्य शर्तों की अवहेलना करते पाए जाने पर 7 ठेकेदारों के खिलाफ अभियोग दर्ज किए। गठित दलों को नियमित गश्त व सघन कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, जो आगामी दिनों में भी जारी रहेगी।
रियाजुद्दीन उस्मानी, जिला आबकारी अधिकारी राजसमंद
Published on:
04 Jul 2018 11:21 am
