
भादो में तरबतर हुआ राजसमंद
राजसमंद. शहर सहित जिले भर में बुधवार को सुबह से मेघ मेहरबान रहे और दोपहर करीब साढ़े बारह बजे तक झमाझम और रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के चलते लोगों को उमस से काफी राहत मिली।
शहर में सुबह से बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे सडक़ों पर दरिया की तरह पानी बहने लगा। बारिश का दौर लगातार जारी रहने से से स्कूल जाने वाले बच्चों को भिगते हुए ही जाना पड़ा। बारिश के कारण लोगों को पिछले दिनों से चल रहे उमस भरे मौसम से काफी राहत मिली।
लसानी. लसानी ग्राम क्षेत्र के अरावली पर्वत माला शिखर पर स्थित सेंड माता मन्दिर पर बुधवार सुबह पांच बजे बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली गिरने से दो मन्दिर सहित धर्मशाला को हुआ नुकसान
सुबह चार बजे बारिश के साथ गर्जना करते हुए बिजली गिरने से पहाड़ी पर स्थित सेंड माता मंदिर को काफी नुकसान हुआ है। पुजारी राधेश्याम शर्मा मोहनलाल भील व रोशनलाल ने बताया कि बिजली गिरने से मंदिर के पास पास बनी धर्मशाला की दीवारो में दरारें पड़ गई। वहीं, मुख्य मंदिर के शिखर के गुुमट की निचली दीवार भी काफी क्षतिग्रस्त हो गई। मंदिर के अंदर लगे कांच भी फूटने के साथ मंदिर में बिखर गए। बिजली से धर्मशाला व ठाणा जी मंदिर को भी काफी क्षति हुई है। बिजली गिरने के समय मंदिर के अंदर तीनों पुजारी सोए हुए थे। बिजली गिरने के बाद मंदिर में लगे विद्युत उपकरणों से करंट आने लग गया था। इसको लेकर पुजारी राधेश्याम शर्मा ने लसानी विद्युत कर्मचारी को सूचनचा देकर विद्युत सप्लाई बंद करवाई। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरसिंह चुंडावत, पूर्व प्रधान दिग्विजय सिंह चुंडावत ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
नाथद्वारा में भी झमाझम, फोरलेन पर भरा पानी
नाथद्वारा. शहर में मंगलवार को सुबह के समय करीब आधे घण्टे तक झमाझम बारिश हुई। इससे शहर वासियों के साथ ही किसानों ने राहत की सांस ली। शहर में सुबह करीब साढ़े ११ बजे बाद प्रारंभ हुई तेज बारिश से देखते ही देखते सडक़ों पर पानी भर गया। इस दौरान सर्राफा बाजार, बोहरा बाजार में इतना पानी हो गया कि लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। दुकनों तक पानी पहुंचने से कई दुकानदारों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। इसी प्रकार अहिल्या कुंड, केशव कॉम्पलेक्स, व्यास कुंड एवं फौज मोहल्ला से गोविंदपुरा जाने वाले मार्ग पर भी सडक़ पर काफी पानी भर गया। जबकि, शहर से होकर गुजर रहे फोरलेन पर सिंहाड़ क्षेत्र में एलिवेटेड पुलिया के पास बने सर्विस रोड पर काफी पानी जमा हो गया। इसके कारण वहां से पैदल निकलने वालों के साथ दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी देर तक जमा रहे इस पानी से अस्पताल जाने वाले लोगों को दोहरी समस्या का सामना करना पड़ा, जिसमें पानी से बचने के लिये वे सिंहाड़ दानघाटी की ओर गए तो उनको कीचड़ आदि से परेशानी हुई।
Updated on:
29 Aug 2018 01:56 pm
Published on:
29 Aug 2018 01:56 pm
