
राशन वितरण में अनियमितता का आरोप
राजसमंद. कोरोना जैसी महामारी में भी राशन डीलरों का मनमाना रवैया नहीं बदल रहा। ऐसा ही एक मामला पाखंड का सामने आया है। यहां राशन डीलर पर कई तरह की अनियमितता के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत डीएसओ से की है, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पाखंड में राशन डीलर द्वारा दुकान लेकर संचालन के लिए किसी अन्य व्यक्ति को ठेके पर दी गई हैं। यह व्यक्ति लोगों को नियमानुसार राशन नहीं देता।
यह लगाए आरोप
ग्रामीण रोशनलाल, प्रकाश सुथार ने बताया कि डीलर द्वारा कार्ड में मृत लोगों के नाम का भी राशन उठाया जा रहा है। साथ ही कई लोगों के कार्ड में ३० किलो राशन चढ़ाकर उन्हें सिर्फ ५ किलो राशन ही दिया जाता है। कई लोगों के राशन कार्ड में भी उसने ३५ किलो राशन चढ़ा रखा है जब उन्होंने शिकायत करने की बात कही तो उसने सभी के कार्डों पर कांट छांट कर ४० किलो राशन दर्ज कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी उपखंड अधिकारी से भी शिकायत की गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
जांच करवाएंगे...
पाखंड के ग्रामीण शिकायत लेकर आए थे, हमने जांच के आदेश दे दिए हैं। टीम गांव में जाकर जांच करेगी, इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-संदीप माथुर, डीएसओ, राजसमंद
Published on:
21 Apr 2020 07:51 am
