
देवगढ़. नगर में प्रतिष्ठा पार्क कॉम्पलेक्स के सामने रविवार दोपहर पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। भीषण टक्कर में बाइक सवार का सिर फट गया और लौथड़े बाहर निकल आए। देखते ही देखते बड़ी तादाद में लोग एकत्रित हो गए, मगर भीड़ को देख पिकअप को खड़ी कर चालक फरार हो गया।जानकारी के अनुसार चिलेश्वर, करेड़ा (भीलवाड़ा) निवासी बालूराम (४२) पुत्र आसुराम रेगर बाइक लेकर तीन बत्ती चौराहे से करणीमाता मेले की तरफ जा रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक के साथ बालूराम उछलकर सडक़ पर जा गिरा, जिससे शव क्षत विक्षत हो गया। टक्कर के धमाके की आवाज सुनते ही आस पास के दुकान व राहगीर दौड़ पड़े। सूचना पर 108 एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद पिकअप को सडक़ किनारे खड़ी कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक व पिकअप को कब्जे में लेने के साथ दुर्घटना का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।