
Video : करंट लगने से तीन मासूमों की मौत
देवगढ़. घर के परिसर में बने बाड़े में विद्युत तार के चपेट में आने से तीन मासूमों की मौत हो गई। तीनों बच्चे सगे भाई-बहन हैं। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए देवगढ़ सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव धवलामगरी चौकडिय़ा थाना सिरियारी जिला पाली निवासी वर्षा (7), विकास (5) व वीरेंद्र (3) घर के भीतर बने बाड़े में बकरी को बांधने गए थे कि अचानक विद्युत तार के चपेट में आने से झुलस गए। इस दौरान उनकी मां ने चिल्ला कर पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया। इसके बाद बच्चों को बिजली के तार से अलग किया जा सका। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए देवगढ़ सीएचसी लाया गया, लेकिन तब तक तीनों बच्चों ने दम तोड़ दिया था। बच्चों के पिता कुंदनसिंह रावत बैंगलुरू में मजदूरी का कार्य करते हैं, जिन्हें पड़ोसियों ने घटना की जानकारी दी। इस हादसे के बाद पूरे गांव मे शोक का माहौल व्याप्त हो गया। तीनों शव देवगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
धवलामगरी चौकडिय़ा गांव राजसमंद जिले की सीमा पर स्थित है। सूचना मिलने पर पाली जिले के विधायक खुशवीरसिंह धवलडी पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाया। हादसे के बाद घर के पास ग्रामीण जमा हो गए।
Updated on:
30 Sep 2020, 6:35 AM IST
Published on:
30 Sep 2020, 6:26 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.