
नाथद्वारा. शहर में बुधवार को बिजली निगम की व्यवस्था में अनदेखी खुलकर सामने आ गई। इसमें कटौती सिर्फ ४ घंटे की थी, लेकिन बिजली आई दस घण्टे बाद शाम सवा ७ बजे। ऐसे में आम जनता को प्रचंड गर्मी में परेशान होना पड़ा। शहर में बिजली निगम के द्वारा बुधवार को बस स्टैण्ड के पास टावर बदलने के लिए प्रात: ९ से दोपहर एक बजे तक बिजली बंद रखने का समय तय किया गया था, परंतु दोपहर एक बजे बाद भी बिजली नहीं आई। इसके बाद पता किया गया तो बताया कि दो-ढाई घंटे अभी और लगेंगे। इसके बाद भी शाम को ५ बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। फिर लोगों ने फोन किए तो कहा आ रही है। इसके बाद भी बिजली चालू हुई तो कुछ क्षेत्रों में फॉल्ट की वजह से बहाल नहीं हो पाई। इससे चौपाटी, मंदिर मार्ग, देहली बाजार, बड़ा बाजार सहित शहर के कई क्षेत्र में बिजली बंद रही। इसके चलते लोगों को भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ा। लोगों ने बताया कि शिकायत के लिए फोन करने पर समय पर सुनवाई नहीं होती।
दो घण्टे तक नहीं मिला फॉल्ट
बिजली निगम के अधिकारी शाम को ५ बजे बाद भी कई क्षेत्र में बिजली नहीं आई तो पहले तो केशव कॉम्पलेक्स के यहां एवं उसके बाद चौपाटी क्षेत्र में फॉल्ट को टटोलते रहे। ऐसे में पहले तो बताया कि बड़ा बाजार में इंसूलेटर बस्ट हो गया एवं इसके बाद खंभे पर लगे देहली बाजार क्षेत्र के जंफर में फॉल्ट बताया। इस फॉल्ट का पता शाम को पौने ७ बजे लगा जब एक कार्मिक चौपाटी पर लगे खंभे पर चढ़ा और देहली बाजार को जोडऩे वाले जंफर को काटा। इसके बाद शाम को सवा 7 बजे आपूर्ति बहाल हो पाई। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह बस स्टैण्ड के पास एक वाहन के द्वारा बिजली निगम की हाईपावर लाइन के टावर को टक्कर मार देने से वह क्षतिग्रस्त हो गया था। उसे हटाकर दूसरा स्थापित करने के लिये ४ घंटे बिजली बंद रखने का समय निर्धारित किया गया था।
फॉल्ट की वजह से देरी हुई
फॉल्ट को निकालने के बाद बिजली बहाल होने में समय लगा। इससे कुछ क्षेत्र में बिजली बहाल देरी से हो पाई।
हेमंत चौधरी,सहायक अभियंता, अजमेर विद्युत वितरण निगम नाथद्वारा
बिजली की आंख-मिचौली से परेशानी
चारभुजा. कस्बे में भीषण गर्मी से एक तरफ घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ कस्बे व तहसील क्षेत्र में विद्युत की अघोषित कटौती से लोगों का घर में रहना भी दूभर हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और थ्री फेस की आपूर्ति नहीं होने से मवेशियों के लिए पीने के पानी की भी समस्या हो रही है। इसको लेकर ग्रामीणों ने अघोषित कटौती को तत्काल बंद करने व नियमानुसार थ्री फेस आपूर्ति कराने की मांग की है।
Published on:
3 May 2018, 9:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.