24 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भीम में कांस्टेबल पर तलवार से हमला, गम्भीर हालत में अजमेर रैफर, हवाई फायर कर खदेड़ा

Udaipur Kanhaiya Lal Murder: उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकाण्ड के विरोध में राजसमंद जिले के भीम कस्बे में बुधवार दोपहर डेढ़ बजे प्रदर्शन के दौरान भीड़ के हिस्से ने एक पुलिस कांस्टेबल पर तलवार से हमला कर दिया।

2 min read
Google source verification
Udaipur Murder Case: Constable attacked in Bhim Rajsamand

भीम. (राजसमंद). उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकाण्ड के विरोध में राजसमंद जिले के भीम कस्बे में बुधवार दोपहर डेढ़ बजे प्रदर्शन के दौरान भीड़ के हिस्से ने एक पुलिस कांस्टेबल पर तलवार से हमला कर दिया। घायल कांस्टेबल को भीम सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद ब्यावर रैफर किया, जहां से स्थिति नाजुक होने पर अजमेर भेज दिया गया। कांस्टेबल की हालत गम्भीर बनी हुई है। पुलिस ने 40 लोगों को हिरासत में लिया है, वहीं हालात बिगडऩे की आशंका पर मौके पर जिला कलक्टर, एसपी सहित कई आला अधिकारियों ने पहुंचकर मोर्चा सम्भाला।

एक दिन पहले उदयपुर में हुई हत्या के विरोध में भीम कस्बे में बुधवार दोपहर एक बजे करीब डेढ़ सौ युवा हाथ में लट्ठ व हथियार लेकर बदनोर चौराहे से मस्जिद मार्ग की ओर आ रहे थे। युवाओं के हाथों में लट्ठ लेकर आगे बढऩे की सूचना मिलने पर थाना अधिकारी गजेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर युवाओं से समझाइश का प्रयास किया। इस दौरान युवाओं ने पुलिस की एक नहीं सुनी और आक्रोशित हो गए।

कांस्टेबल पर बोल दिया हमला
इस दौरान मौके पर मौजूद कांस्टेबल संदीप चौधरी ने युवाओं से शांति बनाए रखने व संयम बरतने की अपील की। भीड़ में से कुछ युवक आक्रोशित हो गए। एक-दो युवकों ने कांस्टेबल संदीप को पकड़ा और अन्य युवक ने संदीप कुमार के गले पर तलवार से वार कर दिया। कांस्टेबल की पूरी शर्ट खून से सन गई। हमला होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मियों ने घायल कांस्टेबल को तुरंत मोटरसाइकिल पर बैठाकर भीम के अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ब्यावर के लिए रैफर कर दिया। गले में गहरा घाव होने व खून ज्यादा बहने पर ब्यावर से अजमेर के लिए रैफर कर दिया।

पुलिस ने किए हवाई फायर
घटनाक्रम के उग्र रूप लेने पर पुलिस ने जवाब में हल्का बल प्रयोग भी किया। भीड़ को डराने और खदेडऩे के लिए पुलिस ने हवाई फायर भी किए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद युवक मौके से भाग छूटे। भीम कस्बे के मुख्य बाजार स्थित मस्जिद को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। मस्जिद के आसपास बड़ी तादाद में पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया है।

40 युवकों को धरा, पूछताछ जारी
कांस्टेबल पर हमले को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस ने 40 युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। मामले की गम्भीरता के मद्देनजर एडीजी श्रीनिवास राव, जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना, जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचरण शर्मा भी पहुंचे। इससे पहले पुलिस उप अधीक्षक राजेंद्र सिंह राठौड़, थाना अधिकारी गजेंद्र सिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी उम्मेद सिंह राजावत, तहसीलदार मुकुल सिंह शेखावत एवं पुलिस लाइन राजसमंद से 200 से अधिक पुलिस जवान भीम में तैनात रहे।