
death
Rampur News Today In Hindi: रामपुर के नगर के मोहल्ला मिलक हसन में डेढ़ वर्षीय मासूम खेलते समय बाथरूम में चला गया और पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। इस दौरान किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। काफी देर बाद उसकी मां ने उसे तलाश किया तो वह बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी में बेसुध हालत में पड़ा था। घबराए परिजनों ने मासूम को पहले नगर के एक निजी चिकित्सक को दिखाया। उसके बाद वे उत्तराखंड के बाजपुर ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
रामपुर के मिलक हसन निवासी मोहम्मद आबिद मेहनत मजदूरी करके अपना परिवार चलाते हैं। शुक्रवार को वह किसी काम से घर से बाहर गए थे। घर में पत्नी नाजमा के साथ 4 वर्षीय बेटी आयत व डेढ़ वर्षीय बेटा मोहम्मद फरहान थे। उसकी पत्नी घर के काम में व्यस्त थी। इस दौरान डेढ़ वर्षीय मोहम्मद फरहान खेलते-खेलते अचानक बाथरूम में चला गया और दुर्घटनावश वहां रखी पानी से भरी बाल्टी में औंधे मुंह गिर गया।
वह काफी देर तक पानी में छटपटाता रहा, लेकिन किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। कुछ समय बाद जब पत्नी नाजमा को मोहम्मद फरहान दिखाई नहीं दिया तो वह उसे ढूंढने लगी। बाथरूम में जाकर देखा तो फरहान बाल्टी में बेसुध मिला। यह देखकर उसके होश उड़ गए। आनन फानन परिजन उसे नगर के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने देखते ही हाथ खड़े कर दिए, जिसके बाद परिजन मासूम को इलाज के लिए बाजपुर ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार को नगर के टांडा-बाजपुर मार्ग स्थित कब्रिस्तान में मासूम के शव को दफन किया गया।
Published on:
01 Sept 2024 06:22 pm
बड़ी खबरें
View Allरामपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
