11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जिला पंचायत परिसर में दिनदहाड़े वकील की गोली मारकर हत्या, अस्पताल में वकीलों का हंगामा और तोड़फोड़

Rampur Lawyer Shot Dead : उत्तर प्रदेश के रामपुर में बुधवार को जिला पंचायत परिसर में उस वक्त सनसनी फैल गई। जिला पंचायत परिसर में एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी।

2 min read
Google source verification

जिला पंचायत परिसर में वकील की गोली मारकर हत्या के बाद साथी वकीलों ने किया प्रदर्शन, PC- X

उत्तर प्रदेश के रामपुर में बुधवार को जिला पंचायत परिसर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक अधिवक्ता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद जिला पंचायत परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जिला अस्पताल पहुंचे वकीलों ने जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। हालात को काबू में करने के लिए डीएम और एसपी समेत भारी पुलिस बल को मौके पर पहुंचना पड़ा।

गंज कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड नालापार जुम्मा बाजार निवासी फारूख अहमद खां पेशे से अधिवक्ता थे। उनकी पत्नी गौशिया निशां जिला पंचायत में बाबू के पद पर तैनात हैं। उसी कार्यालय में असगर अली भी बाबू के पद पर कार्यरत है।

बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर असगर अली और गौशिया निशां के बीच कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि असगर ने महिला सहकर्मी के साथ अभद्रता की। इसकी जानकारी मिलने पर अधिवक्ता फारूख बुधवार दोपहर करीब सवा एक बजे जिला पंचायत पहुंचे और असगर अली से इस संबंध में बात करने लगे।

बात करते-करते बढ़ा विवाद

बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर असगर अली ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और फारूख के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही फारूख खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।

पत्नी गौशिया निशां ने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें भी पिस्टल की बट से मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता जिला पंचायत पहुंचे और घायल फारूख व उनकी पत्नी को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने फारूख को मृत घोषित कर दिया।

साथी वकीलों ने अस्पताल में की तोड़फोड़

मौत की खबर मिलते ही साथी वकील आक्रोशित हो उठे। उन्होंने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और अस्पताल के दरवाजे बंद कर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की।

कुछ देर बाद आरोपी असगर अली भी घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचा। दावा किया जा रहा है कि उसे भी गोली लगी है। इससे अधिवक्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

सूचना पर डीएम अजय कुमार द्विवेदी, एसपी विद्यासागर मिश्र और एएसपी अनुराग सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसी तरह वकीलों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि आरोपी बाबू को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। लाइसेंसी पिस्टल की बरामदगी की कार्रवाई भी की जा रही है।

परिवार में कोहराम, वकीलों में आक्रोश

इस घटना के बाद मृतक अधिवक्ता के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि जिले भर के अधिवक्ताओं में भारी रोष है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जिला पंचायत परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।