6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

होली की खुशियों के बीच मातम: तीन दिनों में सड़क हादसों ने छीनी 7 जिंदगियां, कई परिवारों के बुझ गए चिराग

Rampur Accidents: होली से पहले रामपुर जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए छह सड़क हादसों में दंपति समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

3 min read
Google source verification
rampur road accidents seven dead holi

तीन दिनों में सड़क हादसों ने छीनी 7 जिंदगियां..

Rampur Road Accidents: होली के त्योहार की तैयारियों और खुशियों के बीच यूपी के रामपुर जिले में हुए लगातार सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दंपति समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

डीसीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शहजादनगर थाना क्षेत्र के अहमदाबाद गांव के पास तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से 20 वर्षीय सौरभ की मौत हो गई। बताया गया कि सौरभ थुनापुर से मटर बेचकर अपने गांव बहादुरपुर लौट रहा था। वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और डीसीएम का पहिया उसके सिर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

टांडा में डंपर ने बाइक सवार युवक को रौंदा

टांडा क्षेत्र के डढ़ियाल के मोहल्ला भरतपुर निवासी 30 वर्षीय भूप सिंह उत्तराखंड में स्थित एक स्टोन क्रेशर पर ड्यूटी करने जा रहे थे। देर रात वह दढ़ियाल-काशीपुर मार्ग पर गांव चौखंडी के पास एक पेट्रोल पंप के पास बाइक खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें बाइक समेत रौंद दिया। हादसे में भूप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

शाहबाद में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दंपति की मौत

शाहबाद थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी 50 वर्षीय इंद्रपाल अपनी पत्नी 45 वर्षीय लज्जावती के साथ गुरुवार को बाइक से अपने साढ़ू के घर धनौरा गांव जा रहे थे। जब उनकी बाइक शाहबाद-चंदौसी मार्ग पर लश्करगंज मोड़ के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान लज्जावती ने भी दम तोड़ दिया। दंपति की मौत से परिवार में गहरा शोक छा गया।

मिलक क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

मिलक थाना क्षेत्र के ग्राम हरदुआ निवासी 26 वर्षीय सुनील कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। बुधवार सुबह वह मोटरसाइकिल से होली के लिए डीजे लगवाने जा रहे थे। इसी दौरान गांव हरदुआ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

स्वार क्षेत्र में कार पेड़ से टकराई, युवक की गई जान

स्वार क्षेत्र के रजा नगर निवासी मोहम्मद शान बुधवार रात अपने दोस्तों के साथ गांव में तरावीह की नमाज पढ़ने गए थे। नमाज के बाद वह कार से वापस स्वार की ओर लौट रहे थे। जब उनकी कार स्वार-बिलासपुर मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मोहम्मद शान गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सिमरा मोड़ के पास बाइक सवार की मौत

गुरुवार शाम बिलासपुर रोड स्थित सिमरा मोड़ के पास एक और दर्दनाक हादसा हुआ। खाता चिंतामन गांव निवासी 30 वर्षीय नरेश अपनी मां को लेने के लिए बड़े गांव जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार नरेश अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों को छोड़ गए हैं और मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। युवक की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।