
मुरादाबाद से सटे रामपुर में एक बार फिर अवैध निर्माण पर योगी बाबा का बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की गई है। रामपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने यहां अजीतपुर में बने अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलवाकर उसे ध्वस्त करा दिया। इस मौके पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। आपको बता दें कि अजीतपुर में पहले भी अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया जा चुका है। इसके बावजूद यहां आरोपितों ने फिर अवैध प्लॉट का निर्माण कराना शुरू कर दिया। जिसकी जानकारी मिलने के बाद आरडीए की टीम ने दूसरी बार यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है।
प्लाटिंग को लेकर पूर्व में जारी किए गए थे नोटिस
आरडीए के मुताबिक, इंडेन गैस एजेंसी के पीछे इस प्लाटिंग को लेकर पूर्व में अजीतपुर निवासी नाजिम को नोटिस भी जारी किए गए थे। वहीं टीम ने मौका मुआयना किया जिसमें अवैध प्लॉटिंग पाए जाने पर संबंधितों से उसके अनुमति पत्र व स्वीकृत मानचित्र इत्यादि दिखाने को कहा गया था। इसके बावजूद भी आरडीए को कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। जिसपर टीम ने उन्हें नोटिस जारी किया और तय समय में जवाब देने का मौका दिया। लेकिन आरोपित के द्वारा कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया।
अवैध कार्य करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
उधर, अधिकारियों के निर्देश पर अवर अभियंता हरिओम गुप्ता, अयोध्या प्रसाद और राम किशन सारस्वत पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। बुलडोजर चलवाकर अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया। साथ में आरोपित पक्ष को चुनौती दी कि फिर अवैध कार्य करने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने मंगलवार की शाम को थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अजीतपुर में 8000,00 वर्ग मीटर भूमि पर बुलडोजर चलवाया। बता दें कि इससे पहले यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चार फरवरी 22 को की गई थी।
Published on:
08 Sept 2022 01:14 pm
