
पहले की लव मैरिज फिर दूसरी शादी करने जा रहा था पति, पत्नी ने विरोध किया तो सड़क पर बेरहमी से पीटा
रतलाम. मध्य प्रदेश के रतलाम स्थित जवाहर नगर में बीती रात एक पति ने अपनी पत्नी के साथ जमकर मारपीट की। उसे लगातार कई थप्पड़ मारे और पेट में लात मारकर गिरा दिया, इसके बाद भी दिल नहीं भरा तो फिर गर्दन पकड़कर धक्का दे दिया। काफी देर तक बीच सड़क पर पति-पत्नी का फैमिली ड्रामा चलता रहा। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी खासा वायरल हो गया है। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला की बेतहाशा पिटाई करने वाले पति का नाम दीपक टांक बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि, दीपक पहली पत्नी होने के बावजूद दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा था। जिसकी भनक उसकी पत्नी को लग गई। इसके बाद महिला अपने परिवार के लोगों को लेकर जवाहर नगर स्थित अपने ससुराल पहुंच गई। ससुराल वालों को पत्नी का ये विरोध इतना नागवार गुजरा कि, उन्होंने बीच सड़क पर ही महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद औद्योगिक थाना पुलिस ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए आरोपी पति दीपक टांक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।
पीड़िता की गुहार
पीड़िता के अनुसार, उसका पति दूसरी शादी की तैयारी में है। इसी बात को लेकर वो शुक्रवार रात उससे बात करने ससुराल पहुंची थी, लेकिन उसके पति पर दूसरी शादी का भूत इस कदर सवार है कि, उसने मुझसे या मेरे घर वालों से बात करना तो ठीक समझा नहीं बल्कि मेरे साथ बेरहमी से पिटाई कर दी।
पहली पत्नी से भी किया प्रेम विवाह
रतलाम के कस्तूरबा नगर में रहने वाली पिंकी की जवाहर नगर में रहने वाले दीपक टांक से 3 साल पहले लव मैरिज हुई थी। दीपक एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। पिंकी भी उसी कंपनी में काम करती थी। यहीं दोनों की मुलाकात हुई और प्यार हो गया। इसके बाद दोनों ने परिवारों की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी कर ली। शादी के बाद दीपक अपना घर छोड़कर जवाहर नगर में ही किराए से रहने लगा। कुछ ही महीनों बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगे, जिसके बाद करीब 3 महीने पहले दीपक अपने घर वापस चला गया।
पति ने कर ली दूसरी सगाई
पीड़िता का आरोप है कि, दीपक की मां यानि उसकी सास उसे पसंद नहीं करती। शादी के बावजूद अव वो चाहती है कि, दीपक और वो अलग हो जाएं। पिंकी ने ये आरोप भी लगाया कि, उसे बताए बिना ससुराल वालों ने उसके पति की दूसरी लड़की से सगाई भी करा दी। इस बात की जानकारी जब पिंकी को लगी, तो वो इसकी सच्चाई अपने पति से जानने ससुराल पहुंच गई, जहां पति द्वारा दूसरी लड़की से सगाई की बात तो स्वीकार की ही, साथ ही महिला के साथ बेरहमी से मारपीट भी की।
आरोपी पति फरार
मारपीट से घायल हुई पिंकी को फिलहाल उसके परिजन ने अस्पताल में भर्ती करा दिया है, उसे सिर और पेट में कई चोटें आई हैं। इसके बाद मामला पुलिस के समक्ष पहुंचा। यहां महिला ने अपने पति को घटना के आधार पर शिकायत दर्ज करा दी है। इसके बाद पुलिस ने दीपक के साथ साथ ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपी पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
Published on:
19 Feb 2022 07:09 pm
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
