समर्थन मूल्य करमदी वेयर हाउस केंद्र पर मौजूद कई किसान परेशान मायूस चेहरा लिए घर को लौट जाता है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की व्यवस्थाएं तीसरे दिन भी नहीं सुधर पाई। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी 25 मार्च से शुरू हो गई, लेकिन 27 मार्च की शाम तक केंद्र पर जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी नहीं पहुंचे, जबकि किसान सुबह से गेहूं भरी ट्राली लेकर खरीदी केंद्र पर पहुंचकर शाम तक परेशान होते रहे।
कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके नहीं
किसान राजेंद्रसिंह भाटी और विष्णु पाटीदार नगरा, लालसिंह भाटी, गट्टूसिंह ने बताया कि हम सुबह साढ़े 9 बजे ही खरीदी केंद्र करमदी वेयर हाउस पर आ गए थे, लेकिन यहां कोई जवाबदार कर्मचारी मौजूद था। व्यवस्था तो दूर करमदी वेयरहाउस खरीदी केंद्र पर योजना की जानकारी के लिए तैयार किए गए फ्लेक्स और धागे भी किसान को स्वयं रतलाम जाकर विभाग से लेकर आना पड़े, तब जाकर केंद्र पर लगा की ये खरीदी केंद्र है। पूरे दिन सर्वेयर नहीं आने के कारण शाम तक किसानों की ट्रालियां तुल नहीं पाई। शाम को कहा कि खरीदी निरस्त हो गई, अब क्या करें घर ले जा रहे हैं। सरकारी खरीदी 25 मार्च से शुरू हो गई है, लेकिन 27 मार्च की शाम तक जिम्मेदार अधिकारियों ने खरीदी केंद्र की सूध तक नहीं ली। किसानों को कोई स्पष्ट जवाब देने वाला तक नहीं मिला कि कब तक उनका गेहूं तौला जा सकेगा। खरीदी केंद्र पर करमदी, मथुरी, नगरा आदि से किसान स्वयं और भाड़े के वाहन में गेहूं भरकर लाए थे।
हमारा सर्वेयर पहुंच रहा है
हमारा सर्वेयर पहले पाइंट पर है नहीं, जमा करने वाला हमारा सर्वेयर रहेगा। खरीदी तो समिति के सर्वेयर ही जांच कर करेंगे। आदेश जारी हो गए है, पहुंच रहा होगा।
दिनेश शर्मा, डीएम, नागरिक आपूर्ति निगम, रतलाम
टेग और सर्वेयर नहीं आए
खरीदी 25 से शुरू हो गई है, लेकिन दो दिन अवकाश था। खरीदी केंद्र करमदी वेयर हाउस पर चार-पांच किसान गेहूं की ट्राली लेकर आए है। टेग नहीं आए है। सर्वेयर नहीं होने के कारण तौल नहीं किया, आते ही गेहूं की मानक स्तर जांच कर तौल शुरू किया जाएगा।
सुरेश जैन, प्रबंधक धराड़ सोसायटी खरीदी केंद्र प्रभारी
अभी खरीदी निरस्त
25 मार्च से 10 मई तक समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू करने के आदेश थे, लेकिन गेहूं में नमी अधिक आने के कारण 27 मार्च को खरीदी आगामी आदेश तक निरस्त कर दी गई। स्टॉल बुकिंग भी निरस्त कर दी गई है।
एसएच चौधरी, जिला आपूर्ति अधिकारी, रतलाम