
चोरों के निशाने पर लॉकडाउन में बंद पड़ी दुकानें, मोबाईल शॉप का ताला तोड़कर हजारों का माल चोरी, मंदिर भी नहीं छोड़ा
रतलाम/ मध्य प्रदेश में जहां एक तरफ कोरोना संक्रमण की रफ्तार को कम करने के लिये लॉकडाउन लगाया गया है। लेकिन, लॉकडाउन में बंद पड़ी दुकानें अब चोरों के निशाने पर आ गई हैं। ताजा मामला सूबे के रतलाम जिले में सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के अन्य इलाकों की तरह रतलाम शहर और ग्रामीण इलाकों में इन दिनों चोरी की वारदातें आम हो गई हैं। चोर लॉकडाउन के कारण बंद पड़ी दुकानों को अपना निशाना बना रहे हैं। गुजरी रात भी चोरों ने शहर की एक मोबाईल शॉप का ताला तोड़कर हजारो रुपये के मोबाईल चोरी कर लिये। यही नहीं इसी रात ग्रामीण क्षेत्र में चोरो ने एक मंदिर में चोरी करते हुए नगदी और चांदी पर हाथ साफ़ कर दिया।
मोबाईल शॉप से 70 हजार के फोन चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के दो बत्ती थाना इलाके में आने वाले शास्त्री नगर में श्री साईं टेलीकॉम नामक मोबाईल शॉप का ताला तोड़कर उसमे रखे 9 आईटेल 2 इंटेक्स कंपनी के मोबाईफ फोन चोरों द्वारा लेकर फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि, चोरी गए मोबाईलों की कीमत 70 हजार रूपये से अधिक थी। घटना के बाद इलाके के लोगों ने चोरी के बाद दुकान संचालक यश गुरयानी को चोरी के संबंध सूचित किया। इसके बाद यश ने दो बत्ती थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाश के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कराया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मंदिर को भी नहीं बखश रहे चोर
वहीं, जिले के ग्रामीण क्षेत्र में आने वाले रावटी थाना इलाके के एक जैन मंदिर में चोरो ने देर रात को धावा बोलते हुए मंदिर में रखे 10 हजार रुपये नगद और चांदी के छत्र पर हाथ साफ़ कर दिया। चोरी की सूचना मिलते रावटी पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए मामले की छानबीन शुरु कर दी।
कोरोना वैक्सीन से जुड़े हर सवाल का जवाब - जानें इस वीडियो में
Updated on:
17 May 2021 03:16 pm
Published on:
17 May 2021 03:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
