रतलाम। रतलाम जिले के सैलाना परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोदिना से रेस्क्यू किए गए तेंदुए को गुरुवार को कन्नौद के समीप खिवनी वन्य प्राणी अभ्यारण्य में छोड़ा गया। जानकारी के अनुसार ग्राम बोदिना में बीती रात तेंदुआ एक मकान में घुस गया था। इसके बाद अलसुबह वनविभाग के रेस्क्यू दल ने उसे ट्रेंक्यूलाइज कर पकड़ा था। वन्यप्राणी पशु चिकित्सक द्वारा जांच उपरांत स्वस्थ पाए जाने पर तेंदुए को जंगल में छोड़ने की अनुमति मिली। इसके बाद उसे रतलाम से वन्यप्राणी बाहुल्य खिवनी अभ्यारण्य लाया गया और पिंजरे से आजाद किया गया। पिंजरा खोलते ही तेंदुआ दौड़कर जंगल में चला गया। मुख्य वन संरक्षक उज्जैन एमआर बघेल, डीएफओ देवास प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में अधीक्षक खिवनी विकास मोहरे, उप वन मंडलाधिकारी रतलाम आफताब खान, परिक्षेत्र अधिकारी रतलाम सीमा सिंह, परिक्षेत्र अधिकारी खिवनी भीम सिंह, खिवनी अभ्यारण्य से गेम गार्ड कृष्णकांत वर्मा, दीपक मौर्य सहित सदस्य मौजूद रहे। रेस्क्यू ऑपरेशन में वन वृत्त उज्जैन की रेस्क्यू टीम का योगदान रहा।
