रीवा

मऊगंज हिंसा पर बड़ा एक्शन,कलेक्टर और SP हटाए गए,अबतक 29 आरोपी गिरफ्तार

Mauganj Collector SP Removed : मऊगंज हिंसा पर कड़ा एक्शन हुआ है। मऊगंज कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और एसपी रसना ठाकुर को हटाया गया है। उनके स्थान पर आईपीएस दिलीप सोनी को एसपी बनाया गया है। जबकि, आईएएस संजय कुमार जैन को नया मऊगंज कलेक्टर चुना गया है।

3 min read
Mar 19, 2025

Mauganj Collector SP Removed :मध्य प्रदेश के रीवा जिले से अलग होकर बने नए जिले मऊगंज में बीती 15 मार्च को हुई हिंसा के चौथे दिन सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है। सरकार ने देर रात मऊगंज कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक रसना ठाकुर को उनके प्रभार से हटा दिया है। रसना ठाकुर के स्थान पर आईपीएस दिलीप सोनी को नया एसपी नियुक्त किया गया है। जबकि, 2015 बैच के आईएएस संजय कुमार जैन को मऊगंज का नया कलेक्टर बनाया गया है। इस कार्रवाई ने प्रशासनिक महकमें में हलचल मचा दी है। वहीं, दूसरी तरफ अबतक इस मामले में कुल 29 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

बता दें कि, बीते 15 मार्च को मऊगंज में दो पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। हमले में एक सहायक उप निरीक्षक की मौत हो गई, जबकि कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसके अलावा, एक युवक को बंधक बनाकर मार दिया गया था। इस भयावह घटना के बाद सरकार ने कार्रवाई स्वरूप करते हुए कलेक्टर और एसपी को हटाया है।

भोपाल भेजे गए अजय श्रीवास्तव

मध्य प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 2013 बैच के आईएएस अजय श्रीवास्तव को मऊगंज कलेक्टर के पद से हटाकर भोपाल भेजा गया है। उन्हें अब मध्य प्रदेश शासन के लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग में उप सचिव और मध्य प्रदेश राज्य परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी के अपर प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संजय कुमार जैन बने मऊगंज कलेक्टर

कलेक्टर अजय श्रीवास्तव के स्थान पर 2015 बैच के आईएएस अफसर संजय कुमार जैन को मऊगंज जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। जैन इससे पहले मध्य प्रदेश शासन के लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग में उप सचिव और मध्य प्रदेश राज्य परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी, भोपाल के अपर प्रबंध संचालक के पद पर कार्यरत थे। साथ ही, वे मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।

DGP ने लगाई फटकार

घटना के चार दिन बाद 18 मार्च रात मध्य प्रदेश गृह विभाग ने आदेश जारी करते हुए एसपी रसना ठाकुर को मऊगंज से हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय भेज दिया। सूत्रों के अनुसार, हिंसा के बाद पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने एसपी रसना ठाकुर को लापरवाही के लिए कड़ी फटकार लगाई थी, जिसके बाद उनका स्थानांतरण किया गया।

नए एसपी दिलीप सोनी की नियुक्ति

1997 बैच के आईपीएस अधिकारी दिलीप कुमार सोनी को मऊगंज का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। दिलीप कुमार सोनी इससे पहले उज्जैन में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

दिलीप कुमार सोनी ने 1997 में छतरपुर से राज्य पुलिस सेवा में अपने करियर की शुरुआत की थी। वे गुना और इंदौर के एसडीओपी रह चुके हैं। साथ ही, इंदौर में एएसपी, क्राइम ब्रांच एएसपी और लोकायुक्त एसपी के पद पर भी रह चुके हैं। उज्जैन में लोकायुक्त एसपी और EOW एसपी के रूप में जिम्मेदारियां निभाने के बाद अब उन्हें मऊगंज की कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दिलीप सोनी की कार्यशैली और अनुभव के चलते मऊगंज में पुलिस प्रशासन में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Updated on:
19 Mar 2025 09:59 am
Published on:
19 Mar 2025 09:54 am
Also Read
View All

अगली खबर