
Education officer in Rewa will inspect schools, action on principals
रीवा। कागज पर ऑल इज वेल की दलील देने वाले उन स्कूल प्राचार्यों की जल्द ही पोल खुलेगी, जिनकी ओर से अकादमिक सहित अन्य गतिविधियों में लापरवाहीपूर्ण रवैया अपनाया गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व पदेन अपर संचालक शिक्षा के निर्देश के मद्देनजर गुरुवार से स्कूलों के निरीक्षण की कवायद शुरू कर दी जाएगी।
चार दलों के गठन की प्रक्रिया पूरी
शिक्षा विभाग की ओर बनायी गई योजना के तहत स्कूलों के निरीक्षण में चार शिक्षा अधिकारियों का दल निकलेगा। सीइओ मयंक अग्रवाल के निर्देशानुसार बुधवार को चारों दलों का गठन कर लिया गया है। सूत्रों की माने तो गुरुवार को दलों के गठन पर सीइओ का अनुमोदन लेने के साथ ही निरीक्षण की कवायद शुरू कर दी जाएगी।
कर्मचारियों को भी किया गया शामिल
स्कूलों के निरीक्षण के बावत गठित दलों में एक दल का नेतृत्व खुद जिला शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार त्रिपाठी करेंगे। दूसरा दल डायट प्राचार्य एसएन शर्मा व तीसरा दल रमसा प्रभारी पीएल मिश्रा के नेतृत्व में स्कूलों का निरीक्षण करेगा। चौथा दल जिला शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक केपी तिवारी के निर्देशन में निरीक्षण के लिए निकलेगा। चारों दलों में डीइओ कार्यालय, डायट व जिला शिक्षा केंद्र कार्यालय के कर्मचारियों को शामिल किया गया है।
दूसरे अधिकारी भी करेंगे निरीक्षण
स्कूलों में अध्ययन-अध्यापन का कार्य प्रभावित न हो। इसलिए सीइओ के निर्देश पर गठित चारों दलों में अब की बार संकुल प्राचार्य सहित अन्य शैक्षणिक स्टॉफ को शामिल नहीं किया गया है। यह बात और है कि इन चार दलों के अलावा विकासखंड शिक्षा अधिकारी व बीआरसीसी की ओर से स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण में इन बिन्दुओं पर रहेगा खास ध्यान
- बेस लाइन टेस्ट की उत्तरपुस्तिकाओं का रेंडम चेकिंग
- नवीं के छात्रों के लिए ब्रिज कोर्स संचालन की स्थिति
- विभिन्न कक्षाओं में प्रवेशित छात्रों की संख्या की स्थिति
- स्कूलों में अब तक संचालित सभी कक्षाओं का विवरण
- प्राथमिक से लेकर हायर सेकेडरी तक किताबों का वितरण
- कक्षाओं से लेकर प्रयोगशाला तक साफ-सफाई की स्थिति
- स्कूल में शिक्षक से लेकर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति
Published on:
12 Jul 2018, 2:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.