27 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में रीवा से मऊगंज तक दहशत! कई गांव हाई अलर्ट पर, जंगली हाथियों ने रौंदी फसलें

वन विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारी हनुमना क्षेत्र के बलभद्रगढ़ में पहुंचे, क्षेत्र में लोगों को किया गया अलर्ट

2 min read
Google source verification

रीवा

image

Sanjana Kumar

Feb 27, 2026

MP Rewa News Wild Elephants Terror from rewa mau villages

MP Rewa News Wild Elephants Terror from rewa mau villages: वन विभाग का हाई अलर्ट, बढ़ाई निगरानी(photo:patrika)

MP Rewa News: जंगली हाथियों का समूह सीधी जिले के रास्ते से अब मऊगंज जिले की सीमा तक पहुंच गया है। हनुमना क्षेत्र के बलभद्रगढ़ के पास दो हाथियों को देखा गया, इसकी सूचना पर रीवा डीएफओ सहित वन विभाग के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही मऊगंज और सीधी जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे और हाथियों को किसी तरह का नुकसान पहुंचाए बिना निगरानी करने की व्यवस्था बनाई गई। सुबह से लेकर देर शाम तक उकसा गांव में हाथियों का मूवमेंट देखा गया। छत्तीसगढ़ से हाथियों का झुंड सीधी जिले के कुछ हिस्सों तक आता रहा है, इस बार मऊगंज तक इनकी आमद हो गई है।

संजय नेशनल पार्क से आगे बढ़ी निगरानी

सामान्य तौर पर एमपी के सीधी जिले में संजय नेशनल पार्क के आसपास के गांवों में ही हाथियों का मूवमेंट रहता है। इन हाथियों द्वारा उस क्षेत्र में फसलों के साथ ही लोगों को भी नुकसान पहुंचाने की घटनाएं होती रही हैं। कुछ दिन पहले ही सीधी जिले के भोलगढ़, भितरी, कुआं, बडख़रा क्षेत्र में हाथी देखे गए थे। इनकी ट्रैकिंग भी लगातार हो रही है। बांधवगढ़ से मझौली, चुरहट, मलकनपुर आदि क्षेत्रों की ओर से उकसा तक पहुंचने की जानकारी मिली है। उकसा गांव में हाथी के मूवमेंट पर डीएफओ लोकेश निरापुरे, वन विकास निगम के डीएम राकेश कोडापे, एसडीओ एचएल सिंह, रेंजर नयन तिवारी, वर्षा विसेन सहित अन्य शामिल रहे। अधिकारियों ने कहा है कि निगरानी आगे भी रहेगी।

फसलों को पहुंचाया नुकसान

जंगली हाथियों ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है। जिस क्षेत्र में उनका मूवमेंट है, वहां पर गेहूं, सरसो, अरहर, चना, मसूर आदि की फसलें हैं। इन्हें हाथियों ने कुछ जगहों पर नुकसान भी पहुंचाया है। किसान भी अपनी फसल बचाने के लिए खेतों के आसपास पहुंच रहे हैं, ऐसे में हाथियों के उग्र होने की आशंका भी है। वन विभाग का अमला नजदीक जाने से रोक रहा है।

नुकसानी का सर्वे करेगी राजस्व की टीम

प्रशासनिक अधिकारियों ने हाथियों के मूवमेंट के बाद कहा है कि जिस क्षेत्र में फसलों एवं अन्य नुकसान की सूचनाएं आई हैं, वहां पर राजस्व विभाग की टीमें सर्वे करेंगी। शासन के नियमों के अनुसार संबंधित किसानों को इसका मुआवजा भी वितरित कराया जाएगा।

क्षेत्र की बिजली सप्लाई रोकी गई

हाथियों के मूवमेंट की वजह से बिजली तारों से करंट फैलने का डर होता है। क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह बिजली तार की ऊंचाई कम हो गई है और वह चलते समय हाथियों को छू सकते हैं और करंट की वजह से हादसा हो सकता है। इस आशंका को देखते हुए जिस क्षेत्र में हाथियों के पहुंचने की संभावना है, वहां की बिजली सप्लाई रोकी गई है। इस संबंध में शासन की ओर से पहले भी निर्देश जारी किया जा चुका है।

हनुमना क्षेत्र में हाथियों का मूवमेंट, निगरानी बढ़ाई

हनुमना क्षेत्र में हाथियों का मूवमेंट है, उनकी निगरानी की जा रही है। इन्हें हम किसी तरह से डिस्टर्ब नहीं करना चाहते। कुछ जगहों पर फसलों को नुकसान हुआ है, उसका राजस्व विभाग सर्वे करेगा और नियमानुसार मुआवजा दिलवाने का प्रयास होगा। क्षेत्र में हमारी टीम तैनात है।

- लोकेश निरापुरे, डीएफओ रीवा