
रीवा में रहस्यमयी धमाके से फैली दहशत (Photo Source- Patrika)
Mysterious Explosion :मध्य प्रदेश के रीवा जिले के जवा कस्बे में मंगलवार को हुए तेज धमाके ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। अचानक जोरदार आवाज गूंजी, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई घरों की खिड़कियों के कांच तक टूट गए। धमाके की आवाज जवा ही नहीं बल्कि आसपास के अतरैला और चाकघाट थाना क्षेत्रों तक भी सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आवाज इतनी तेज थी कि, घरों के दरवाजे और खिड़कियां तक हिल गईं। कई निजी स्कूलों और मकानों के कांच टूटने की जानकारी सामने आई है। घटना के तुरंत बाद लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और काफी देर तक इस रहस्यमयी धमाके को लेकर चर्चा करते रहे। हालांकि धमाका कहां हुआ और किस कारण से हुआ, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि, यह आवाज किसी फाइटर जेट की हो सकती है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से रीवा के आसमान में लड़ाकू विमान उड़ान भरते देखे जा रहे हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तेज धमाके की आवाज सुनते ही पुलिस भी सतर्क हो गई। तत्काल पुलिस की गाड़ियां आसपास के क्षेत्रों में भेजी गईं और गांव-गांव फोन कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका है।
अतरैला क्षेत्र में भी साढ़े दस से ग्यारह बजे के बीच तेज आवाज सुनाई दी। बताया जा रहा है कि धमाके की तीव्रता के कारण एक कार्यालय की छत गिर गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जवा की सेंटमैरी स्कूल का कांच टूटने की जानकारी नहीं मिली है।
मामले को लेकर जवा थाना प्रभारी कमलेश साहु का कहना है कि, सुबह काफी तेज आवाज आई थी जैसे कोई चीज फटी हो। घरों के खिड़की दरवाजे तक हिल गए थे। इस आवाज के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी तक पता नहीं चल पाया है।
Updated on:
19 Mar 2026 11:35 am
Published on:
19 Mar 2026 11:35 am
