29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP News: लेट आने वाले कर्मचारियों की कलेक्टर ने लगवाई ऑफिस के बाहर लाइन, जमकर डांटा, देखें वीडियो

MP News: एक कर्मचारी की हेयर स्टाइल, जींस और शर्ट की खुली बटन और चश्मा देख कलेक्टर ने डांटते हुए कहा- हीरोगिरी करने आते हो, चश्मा निकालकर हाथ में दिया।

2 min read
Google source verification
rewa

collector scolds late employees lines up staff inspection video

MP News: मध्यप्रदेश के रीवा में बुधवार को कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी का एंग्री अवतार कर्मचारियों को देखने को मिला। कलेक्टर जिला पंचायत और कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण करने के लिए निकले थे और इस दौरान जब उन्हें कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले तो उन्होंने देर से पहुंचने वाले कर्मचारियों को लाइन लगवा दी और जमकर फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को डांटते हुए ये भी कहा कि काम पर देरी से आने और जल्दी चले जाने के लिए आपको शर्म आनी चाहिए।

देखें वीडियो-

कलेक्टर ने कर्मचारियों की लगवाई लाइन

बुधवार को रीवा कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी जिला पंचायत के औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान जिला पंचायत में अधिकारी-कर्मचारियों की संख्या काफी कम होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और फिर खुद जिला पंचायत कार्यालय में देरी से आने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का इंतजार करने लगे। जब देरी से अधिकारी-कर्मचारी पहुंचे तो सामने कलेक्टर को देखकर हैरान रह गए। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने इस लेटलतीफी के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और उनकी दफ्तर के बाहर ही लाइन लगवा दी।

वेतन पूरा लेते हो शर्म नहीं आती- कलेक्टर

लेट आने वाले कर्मचारियों को लाइन में खड़ा कर डांटते हुए कलेक्टर ने कहा कि शर्म नहीं आती, ड्यूटी पर एक घंटे लेट आते हो और एक घंटे पहले चले जाते हो, जबकि वेतन पूरा लेते हो। उन्होंने एक-एक कर्मचारी से पूछताछ कर हिदायत दी। इस दौरान एक कर्मचारी के जींस पहनकर और नए हेयर स्टाइल में ऑफिसआने पर कलेक्टर ने उसे फटकार भी लगाई। कर्मचारी की शर्ट का बटन भी खुला हुआ था और शर्ट की बटन से चश्मा लटक रहा था। कलेक्टर ने उक्त कर्मचारी को बुलाया और कहा हीरोगिरी करने आते हो और उसका चश्मा शर्ट से निकालकर उसके हाथ में दिया।

कलेक्ट्रेट का भी किया निरीक्षण

जिला पंचायत के बाद कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। कलेक्ट्रेट में भी कर्मचारियों और अधिकारियों की लेटलतीफी देख कलेक्टर ने नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि सभी कर्मचारी-अधिकारी अपने निर्धारित समय पर ऑफिस पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए ये भी कहा कि अब जो भी दफ्तर में देरी से आएगा उसका वेतन काटा जाएगा इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर जिम्मेदारी से कार्य करें और अनुशासन को बनाए रखें। कलेक्टर ने अनुशासनहीनता पर नाराजगी जताते हुए अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी को ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू करने और लेट आने वालों से आधे दिन का अवकाश आवेदन लेने के निर्देश दिए हैं।