
The accused were remanded by the court, another victim came forward
रीवा। सर्राफा व्यापारी के 70 लाख रुपए लेकर फरार हुए बदमाशों को अब पुलिस ने न्यायालय से रिमांड में लिया है। उक्त बदमाशों का एक अन्य पीडि़त सामने आया है जिसने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपियों से उसके रुपए भी बरामद करने का प्रयास पुलिस कर रही है।
सत्तर लाख रुपए लेकर गायब हो गए थे बदमाश
समान थाने में सर्राफा व्यापारी ने बदमाशों के द्वारा 70 लाख रुपए लेकर भागने की शिकायत दर्ज कराई थी। उक्त व्यापारी ने उनको मिर्जापुर में एक सौदे के लिए रुपए लेकर भेजा था लेकिन वापस लौटते समय बदमाश समान ओवरब्रिज से लापता हो गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान एक अन्य पीडि़त सामने आए। संदीप सोनी निवासी तरहटी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने उक्त आरोपियों को रुपए दिये थे जिसे लेकर आरोपी लापता हो गए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। समान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये आरोपियों को न्यायालय से रिमांड में लिया गया है जिनमें अरविंद सोनी निवासी महाजन टोला व मुकेश सोनी निवासी बांसा शामिल है।
सिटी कोतवाली पुलिस ने लिया रिमांड
उक्त आरेापियों से सिटी कोतवाली पुलिस भी अब व्यापारी के रुपए बरामद करने का प्रयास कर रही है। पीडि़त व्यापारियों ने उक्त आरोपियों को सौदे के लिए भेजा था लेकिन सौदा नहीं होने पर वे रुपए लेकर वापस आ रहे थे और रास्ते से गायब हो गए। आरोपियों ने रुपए हड़पने की योजना पहले ही बना ली थी और मिर्जापुर में ही व्यापारी को फोन कर बदमाशों के द्वारा पीछा करने की जानकारी दी थी जिस पर व्यापारी उनको लेने मिर्जापुर गए थे।
एक आरोपी है फरार
इस मामले का एक आरोपी अंकित साकेत निवासी कुल्लू थाना सेमरिया फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। उक्त आरोपी ने अपने हिस्से में मिले रुपए मौसिया रमेश साकेत निवासी सतना के पास छिपाए थे जिस पर समान थाने की पुलिस ने मौसिया को भी गिरफ्तार किया था। वहीं तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी न होने से शेष रकम अभी तक बरामद नहीं हो पाई है।
Published on:
06 Oct 2023 07:30 pm
