
Women thugs knock in the city, steal jewelery from woman's bag in bull
रीवा। शहर में महिला ठगों का गिरोह का सक्रिय है जो अब सर्राफा दुकान सहित सफर के दौरान महिलाओं को निशाना बना रही है। एक दिन में महिलाओं की गैंग ने दो स्थानों में घटनाओं को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। पीडि़तों ने शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई है जिस पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राहक बनकर आई थी महिलाएं
विवि थाने के नीम चौराहे की घटना बताई जा रही है। यहां पर स्थित सर्राफा दुकान में सोमवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दो की संख्या में महिलाएं ग्राहक बनकर आई थी। महिलाओं ने पहले दुकान से एक चांदी की पायल खरीदी और उसके बाद सोने के आभूषण देखने लगी। इस दौरान दुकानदार जेवर दिखाने में व्यस्त हो गया तो महिलाओं ने बड़ी सफाई से एक सोने का मंगलसूत्र व कान झुमका सहित अन्य जेवर पार कर दिये। बाद में वह वहां से चंपत हो गई। कुछ देर बाद जब दुकानदार ने डिब्बे में सामान गिने तो उक्त सामान गायब था।
महिलाओं के जाने के बाद हुई जानकारी
पीडि़त उक्त महिलाओं की तलाश में काफी देर तक भटकता रहा लेकिन उनका पता नहीं चल पाया है। घटना में उसी गिरोह का हांथ होने की आशंका जताई जा रही है जो इससे पूर्व भी शहर सहित देहात के थानों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके है। हालांकि यह गिरोह एक स्थान पर वारदात के बाद नहीं रुकता है। पीडि़त ने घटना की शिकायत थाने में दर्ज करवा दी है। वारदात को अंजाम देने वाली महिलाएं दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है जिसके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।
आटो में महिला की बैग से चांदी के जेवर चोरी
वहीं आटो में सफर के दौरान एक महिला के बैग से चांदी के जेवर चोरी हो गए। विवि थाने के सोनौरा निवासी संगीता गुप्ता अपने बच्चों के साथ आटो में सवार होकर सिरमौर चौराहा आई थी। सिरमौर से पुराने बस स्टैण्ड जाने के लिए वे दूसरे आटो में सवार हुई थी। आटो में पहले से एक नकाबपोश महिला बैठी थी। सफर के दौरान बड़ी सफाई से महिला ने बैग की चेन खोली और उसमें रखे चांदी के जेवर पार कर दिये। जब महिला बस स्टैण्ड के समीप पहुंची तो बैग की चेन खुली देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत सिविल लाइन थाने में पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है जिस पर पुलिस ने आटो की तलाश शुरू कर दी है।
Published on:
06 Feb 2024 06:47 pm
