
पंचायत में हुए निर्माण कार्य की तस्वीर दिखाते हुए
बीना. ग्राम पंचायत गढ़ा में सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक पर भाजपा नेता अकाश ठाकुर ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने बुधवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर दी।
उन्होंने बताया कि रामनगर में विधायक निधी से दस लाख रुपए दिए गए हैं और इससे नाली का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग हो रहा है। गोदना में बनी पानी की टंकी का घटिया निर्माण किया गया है। ग्राम गढ़ा में बन रहे शौचालय में पुराने भवन की ईंटें निकालकर लगाई जा रही हैं, कुआं निर्माण में गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग हुआ है। पंचायत में सफाई के नाम पर रुपए निकाले जाते हैं, लेकिन सफाई नहीं की जाती है और जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। साढ़े तीन वर्ष में पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन नहीं हुआ था और आपत्ति लेने पर जनवरी में ग्राम सभा की गई। साथ ही भ्रष्टाचार छिपाने पंचायत दर्पण पर जो बिल डाले गए हैं वह धुंधले हैं। ग्राम गोदना में मुक्तिधाम बाउंड्रीवॉल के नाम पर भ्रष्टाचार किया गया है और मौके पर बाउंड्रीवॉल है ही नहीं। सचिव, सहायक सचिव भी इसमें शामिल हैं। उन्होंने कुछ दिन पूर्व एसडीएम, जनपद पंचायत सीइओ को आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एसडीएम के यहां जाने पर वह मिलते ही नहीं हैं। यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो कलेक्टर के यहां शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
ठेकेदारी करने के लिए किया जा रहा है ब्लैकमेल
सरपंच संजय उपाध्याय ने बताया कि ठेकेदारी करने के लिए ब्लैकमेल किया जा रहा है, जो काम पंचायत के हैं ही नहीं उन्हें गुणवत्ताहीन बताकर छवि खराब की जा रही है। सभी आरोप झूठे और निराधार हैं। पानी की टंकी पीएचइ विभाग ने बनाई है और गुणवत्ताहीन कार्य के संबंध में अधिकारियों को आवेदन दे चुके हैं। वहीं, शौचालय शिक्षा विभाग बना रहा है। रोड गुणवत्तापूर्ण बनाया गया है। मुक्तिधाम में बाउंड्रीवॉल दस साल पहले बनी थी, जो बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुई है। पंचायत के सभी निर्माण कार्यों की जांच कराई जा सकती है।
Published on:
26 Feb 2026 11:41 am
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
