
पति ने इंस्टाग्राम पर अपनी ही पत्नी को नहीं पहचाना (demo pic)
MP News: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना के भानगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली नवविवाहिता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसके निजी पलों के फोटो और वीडियो मोबाइल से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए हैं। इतना ही नहीं नवविवाहित पीड़िता का ये भी आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसे 50 हजार रुपये नकद और बाइक की मांग पूरी न होने के कारण मारपीट कर प्रताड़ित कर रहा है।
नवविवाहिता ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि उसकी शादी एक साल पहले 30 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति नकद और बाइक की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाने लगी। वो सबकुछ ये सोचकर सहन करती रही कि वक्त के साथ सब ठीक हो जाएगा लेकिन हालात नहीं सुधरे। पीड़िता के मुताबिक पति पहले उसके परिवार में एक दूसरी लड़की को देखने आया था, लेकिन बाद में मुझसे शादी करने की जिद पर अड़ गया। परिवार की सहमति से विवाह हुआ, लेकिन अब विवाह के बाद प्रताड़ित करने लगा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति, सास-ससुर, देवर-देवरानी पर दहेज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।
नवविवाहिता ने बताया कि उसे अपने प्राइवेट फोटो और वीडियो वायरल होने के बारे में पता नहीं था। 21 अप्रैल को देवर ने उससे कहा कि तुम्हारे अश्लील वीडियो उसके पास हैं। पीड़िता के मुताबिक पति ने निजी पलों के कुछ फोटो लिए थे और कहा था कि वो उन्हें बाद में डिलीट कर देगा लेकिन उसने ऐसा नहीं किया और फोटो-वीडियो वायरल कर दिए। पीड़िता का ये भी आरोप है कि पति की गंदी नजर उसकी 16 वर्षीय छोटी बहन पर है। एक कार्यक्रम के दौरान वो नाबालिग छोटी बहन को अपने साथ भागने के लिए भी कह चुका है।
एएसआई जमनाप्रसाद रजक ने बताया कि नवविवाहिता ने आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने की बात कही है, लेकिन वीडियो उपलब्ध नहीं कराए हैं। जब वीडियो उपलब्ध कराए जाएंगे तो मामले में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। अभी नवविवाहिता की शिकायत पर पति, सास, ससुर, देवर और देवरानी के खिलाफ बीएनएस व दहेज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। नवविवाहिता की मां ने भी दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए हैं।
Updated on:
26 Apr 2026 08:34 pm
Published on:
26 Apr 2026 08:34 pm
