
सागर. बाल कटवाने का बोलकर घर से निकले युवक का शव दूसरे दिन जंगल में फंदे पर झूलता मिला। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजन भड़क गए और उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। बंडा थाना पुलिस ने चक्काजाम कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। सूचना पर पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन लोग किसी की सुनने तैयार नहीं थे। इसके बाद बंडा विधायक के भाई लखन सिंह व अनुरोध सिंह ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया, तब कहीं जाकर शाम करीब 6 बजे लोग सड़क से हटे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बरेठी गांव के भदभदा जंगल में एक युवक का शव फंदे पर झूल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को फंदे से नीचे उतारकर बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। खोजबीन में मृतक की पहचान बिजरी गांव निवासी 22 वर्षीय सोनू लोधी के रूप में हुई। मृतक के परिजन मर्चुरी पहुंचे, जहां उन्होंने बताया कि सोनू बाल कटवाने की बोलकर गुरुवार की शाम बाइक से घर से निकला था। रात को जब वह वापस नहीं आया तो, पिता ने शुक्रवार सुबह थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।
युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस ने जब उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया तो वह आक्रोशित हो गए। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब 3 बजे परिजन शव लेकर सागर-छतरपुर हाइवे स्थित बरा चौराहा पहुंचे और शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इसके बाद वह करीब तीन घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन करते रहे, जिससे हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। चक्काजाम समाप्त होने के बाद पुलिस को जाम क्लियर कराने में ही घंटों का समय लग गया।
बिजरी गांव निवासी युवक का शव जंगल में फंदे पर झूलता मिला था, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व मौके से जुटाए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिखा सोनी, एसडीओपी, बंडा
Published on:
01 Jun 2025 12:00 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
