छेड़छाड़ की घटना है पलायन की वजह
पलायन की यह घटना एकाएक सामने नहीं आई। आरोपों के मुताबिक 3 माह से यह परिवार गांव के ही कुछ दबंग लोगों से परेशान है। पीड़ित परिवार के मुताबिक 3 माह पहले 6 जनवरी को गांव के ही कुछ युवकों ने स्कूल जा रही इस परिवार की बेटी के साथ छेड़छाड़ कर दी थी और जब लड़की के भाई अनुज शर्मा ने इस घटना का विरोध किया तो आरोपी युवकों ने अनुज पर सरियों से हमला बोल दिया। उस दौरान अनुज की बेरहमी से पिटाई की गई थी और इस हमले में अनुज की कई हड्डियां टूट गई थी जिसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया था और इस घटना के बाद पीड़ित अनुज के भाई त्रिलोक चंद ने किसी गांव के तीन भाई अजीत, गौरव, सचिन और विजय के अलावा दो भाई सतपाल व ज्वाला के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था जबकि बाकी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी । अब पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस नामजद आरोपियों में से कुछ आरोपियों को रियायत देने की काेशिश में है और नाम निकालने की तैयारी की जा रही है। आरोप यह भी है कि इस घटना के आरोपी और उसके परिवार के लोग अब पीड़ित परिवार पर मुकदमे में फैसले का दबाव बना रहे हैं और बार बार धमकी दे रहे हैं कि अगर उन्होंने अपना मुकदमा वापस नहीं लिया तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। पीड़ित परिवार के मुताबिक इसी डर से उन्होंने गांव से पलायन कर दिया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली में अपने घर का सारा सामान भरकर वह फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव करौंदी में चले गए हैं। पीड़ित परिवार के सदस्यों का यह भी कहना है कि उन्होंने सहारनपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को भी इस पूरे मामले की शिकायत की थी और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की थी अब यह परिवार इब्राहिमपुर के रहने वाले केहर सिंह, धर्मपाल और सरदार सिंह आदि ने इस परिवार को गांव में शरण दी है।