
गन्ना किसानों को रिझाने के लिए मुख्यमंत्री योगी ने फिर की बड़ी घोषणाएं
सहारनपुर. लोकसभा संचालन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने पहुंचे सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने गन्ना किसानों और चीनी मिलों के लिए राहत की बौछार कर दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि जो चीनी मिल अभी तक महज 30% ही गन्ना भुगतान कर पाई हैं, उन्हें 5% की दर से ब्याज पर सरकार सॉफ्ट लोन देगी और यह लोन सीधे गन्ना भुगतान के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने चीनी मिलों को किसानों का बकाया भुगतान के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जो चीनी मिल किसानों का शत-प्रतिशत गन्ना भुगतान कर देंगी, उन्हें पेराई सत्र पर 4:30 रुपए पर कुंतल के हिसाब से प्रदेश सरकार की ओर से सहायता प्रदान की जाएगी। इसके लिए भी एक पैकेज घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने को-ऑपरेटिव और फेडरेशन की सभी चीनी मिलों का बकाया भुगतान इस सप्ताह करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए बजट जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वक्त उत्तर प्रदेश में 63 ऐसी चीनी मिलें हैं, जो अपना गन्ना भुगतान 75% से अधिक कर चुकी हैं। 42 ऐसी चीनी मिलें हैं, जिन्होंने गन्ने का भुगतान 50% से अधिक कर दिया है। प्रदेश में महज 9 चीनी मिले ऐसी हैं, जिनका गन्ना भुगतान 50% से कम है। ऐसी चीनी मिलों का भुगतान ग्राफ बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने एक स्पेशल प्रोग्राम तैयार किया है। उत्तर प्रदेश की ऐसी सभी चीनी मिलों को सॉफ्ट लोन प्रदेश सरकार मुहैया कराएगी, लेकिन इस सॉफ्ट लोन की शर्त यह होगी कि बकाया गन्ना भुगतान के रूप में लोन सीधे किसानों के खातों में जाएगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ सुबह करीब 11 बजे सहारनपुर पहुंचे आैर बिना किसी आैपचारिकता के उन्हाेंने लाेकसभा संचालन समिति की मीटिंग शुरु कर दी। मीटिंग शुरू हाेने से पहले ही संचालन समिति के पदाधिकारियाें ने मीडियाकर्मियाें से बाहर जाने का आग्रह किया आैर पार्टी के केवल उन्हीं पदाधिकारियाें काे इस मीटिंग में रहने की अनुमति दी गई, जो लोकसभा संचालन समिति में शामिल थे। सहारनपुर, कैराना, बिजनाैर आैर मुजफ्फरनगर लाेकसभा क्षेत्रों के लोकसभा संचालन समिति में चयनित पदाधिकारियाें आैर जनप्रतिनिधियाें काे ही इस मीटिंग में बुलाया गया था। लोक सभा संचालन समिति की बैठक में सीएम योगी ने मुख्य रूप से युवाओं और उन मतदाताओं को जोड़ने के निर्देश दिए, जिन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभ मिला है। ऐसे सभी लाभार्थियों के पास जाकर उनसे बात करने और भाजपा की नीतियों के बारे में बताने के निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संचालन समिति के पदाधिकारियों को दिए।
लाेकसभा चुनाव 2019 की तैयारियाें काे लेकर शुरु हुई इस मीटिंग में मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ के अलावा पश्चिम क्षेत्र के संगठन महामंत्री अजय कुमार, सहारनपुर जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी आैर क्षेत्रीय महामंत्री माेहित बेनीवाल काे मंच पर जगह मिली। इस मीटिंग में चाराें लाेकसभा क्षेत्राें से लाेकसभा संचालन समिति में बनाए गए सदस्याें आैर पदाधिकारियाें काे बुलाया गया था। मीटिंग में मुख्य रूप से गन्ना मंत्री सुरेश राणा, आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी, मुजफ्फरनगर सांसद डॉ. संजीव बालियान, सहारनपुर सांसद राघव लखन पाल शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र के प्रभारी विजय बहादुर पाठक (एमएलसी), राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, हरवीर मलिक, रचना पाल, प्रमाेद सैनी, वर्षा चोपड़ा, अंजिली चाैधरी, मीनू संगल सहित अन्य संचालन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
30 Sept 2018 09:28 pm

बड़ी खबरें
View Allसहारनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
