
Imran Masood on EVM: हरियाणा में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनावी नतीजों को लेकर कहा, "मेरा पहले दिन से बार-बार यही कहना है कि जिस चीज पर शक या संदेह हो जाए उसे खत्म कर देना चाहिए। कोई टेक्नोलॉजी ऐसी नहीं है, जिसे हैक न किया जा सके। जब तक ईवीएम रहेगा, तब तक शक होता रहेगा।"
उन्होंने आगे कहा, “जब बैलट के मत पत्र खुले तब कांग्रेस एक तरफ लीड कर रही थी और जब ईवीएम मशीन चालू हुई तो कांग्रेस पीछे चली गई। ईवीएम 99 तक चार्ज थी। तो यह सारी चीजें संदेह पैदा करती है और जिस चीज पर संदेह पैदा हो जाए उसको खत्म कर देना चाहिए ईवीएम को बंद करने के लिए देशभर में आंदोलन होना चाहिए।” आम आदमी पार्टी (आप) के इस बयान पर कि कांग्रेस अति आत्मविश्वास के कारण चुनाव हारी है। इमरान मसूद ने कहा कि यह उनका स्टैंड हो सकता है।
हरियाणा में मुस्लिम बाहुल्य सीटों पर चुनाव जीतने और अन्य जगहों पर खराब प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा, “हमने जो चुनाव जीते हैं, उसमें हिंदू बाहुल्य और मुस्लिम बाहुल्य की कोई बात नहीं है। कांग्रेस ने यमुनानगर और हिसार में भी जीत दर्ज की है। ऐसे में कांग्रेस को सभी जगह पर वोट मिले हैं। सभी लोगों ने कांग्रेस को लाने का मन बनाया हुआ था।”
जातीय जनगणना के सवाल पर कांग्रेस नेता ने कहा, “राहुल गांधी जातीय जनगणना के लिए स्टैंड लिए हुए हैं। देश के अंदर दलित, ओबीसी और अल्पसंख्यक के ऊपर भाजपा की निगाहें पूरी तरह से टिकी हुई हैं।” राहुल गांधी की एक बार फिर लॉन्चिंग फेल होने के सवाल पर उन्होंने कहा, “हार और जीत कोई बड़ी चीज नहीं होती है, लेकिन जिस चीज से संदेह पैदा हो रहा है, पहले उसको दूर करना चाहिए। लोकतंत्र को बचाने के लिए ईवीएम को हटाने की मांग को बहुत तेजी से उठाना चाहिए।"
पूरी तरह गलत साबित होने पर एग्जिट पोल करने वाली कंपनियों की जांच को लेकर उन्होंने कहा, “एग्जिट पोल, पूरी तरह से शेयर मार्केट से चलता है और इसमें लोगों का पैसा डूबता है। यह खेल पूरे देश के अंदर चल रहा है। सारी चीजें सामने हैं, यह सबको दिखाई दे रही है। जांच करने से कुछ नहीं होगा ईवीएम को हटाना पड़ेगा।”
समाजवादी पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश उपचुनाव के लिए छह प्रत्याशियों के नामों की घोषणा को लेकर इमरान मसूद ने कहा, "कांग्रेस पार्टी जो निर्णय करेगी, हम उस पर पाबंद रहेंगे। जो भी पार्टी का निर्णय होगा, उसके लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।"
संबंधित विषय:
Updated on:
11 Oct 2024, 9:31 AM IST
Published on:
11 Oct 2024, 9:31 AM IST
बड़ी खबरें
View Allसहारनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.