
जन्माष्टमी विशेष: यूपी के सहारनपुर में नहीं फूट रही दही हांडी, दर्जनों युवा लगे जुगत में
सहारनपुर। जन्माष्टमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के जिले सहारनपुर में भी दही हांडी उत्सव का आयोजन किया गया है। यहां काफी ऊंचाई पर हांडी टांगी गई है और उस हांडी को फोड़ने के लिए दर्जनों युवा बार-बार प्रयास कर रहे हैं। यहां खास बात यह है कि जहां हांडी टंगी हुई है उसके नीचे एक बड़े तलाबा के आकार का गड्ढा खोदकर पानी भर दिया गया है। लोग बड़े उत्साह के साथ पानी में कूदकर दही हांडी को फोड़ने की मशक्कत करते हुए नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें-Krishna Janmashtami 2018 : इन गानों के बिना अधूरा सा लगता है जन्माष्टमी का त्योहार
एक के कंधे पर एक युवा खड़े होकर पिरामिड बनाकर उसे फोड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन अचानक बैलेंस खराब हो जाने से बार-बार उनकी ये कोशिश बेकार हो जाती है। यह दृश्य पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और इस दृश्य को देखने के लिए सैकड़ों की भीड़ जुटी हुई है। महिलाएं, बच्चे, पुरुष और सभी आयु वर्ग के लोग इस आयोजन से बेहद रोमांचित हो रहे हैं।
साथ ही यहां लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है। बरसात के मौसम में भी जन्माष्टमी उत्सव बड़े धूमधाम से पूरे शहर में मनाया जा रहा है। मंदिरों को सजा दिया गया है और अलग-अलग तरह की झांकियां बनाई गई हैं। रास्ते में स्टूडियो खोले गए हैं, जहां लोग अपने फोटो खिंचा रहे हैं। इसी बीच कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में पढ़ने वाली बृजेश नगर कॉलोनी में चल रहा प्रोग्राम आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चे पहुंचे हुए हैं। खास बात यह है कि जहां यह प्रोग्राम चल रहा है वहां से कुछ ही दूरी पर रेलवे ट्रैक है और जहां से गुजर रही ट्रेन में बैठे यात्री भी प्रोग्राम को देख कर रोमांचित हो रहे हैं।
Published on:
3 Sep 2018, 7:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.