5 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मोहाली बम ब्लास्ट में निकला UP कनेक्शन: जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी ग्राम प्रधान का भाई देवबंद से गिरफ्तार

Mohali bomb blast : मोहाली बम ब्लास्ट मामले में यूपी कनेक्शन सामने आया है। यूपी एटीएस और पंजाब एसटीएफ की संयुक्त टीम ने देवबंद से जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी मोहत्सीम को गिरफ्तार किया है।

2 min read
Google source verification
Mohali

जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी मोहत्सीम देवबंद से गिरफ्तार, PC- X

सहारनपुर : मोहाली बम ब्लास्ट मामले में यूपी कनेक्शन सामने आया है। पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी मोहत्सीम को देवबंद से गिरफ्तार किया गया है। यूपी एटीएस और पंजाब एसटीएफ की संयुक्त टीम ने देवबंद के गांव बचीटी में छापेमारी कर मोहत्सीम को दबोचा। आरोपी मौजूदा ग्राम प्रधान का भाई है। गिरफ्तारी गुपचुप तरीके से देर रात की गई, जिसकी जिला स्तर पर किसी को भनक तक नहीं लगी।

जांच एजेंसियों के अनुसार मोहत्सीम जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम कर रहा था। उसने पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ अपना व्हाट्सएप OTP शेयर किया था। आतंकी संगठन उसके व्हाट्सएप नंबर का इस्तेमाल मैसेज भेजने के लिए करते थे। मोहत्सीम का नाम 2024 मोहाली बम ब्लास्ट से भी जुड़ा हुआ है। छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से संदिग्ध सामग्री बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तारी खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर की गई।

पहले से दर्ज हैं आरोपी पर कई मामले

मोहत्सीम देवबंद कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ दर्जनों मुकदमे पहले से दर्ज हैं। जांच में उसके परिवार की भी अपराधी पृष्ठभूमि सामने आ रही है। यह पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दी गई। यूपी एटीएस और पंजाब एसटीएफ की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। फिलहाल दोनों एजेंसियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है।

एजेंसियों को मोहाली ब्लास्ट की जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले थे, जिनके आधार पर जांच देवबंद तक पहुंची। इस गिरफ्तारी को राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। मोहाली ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियां अभी भी कई पहलुओं पर काम कर रही हैं और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

3 जून को 5 आरोपी किए गए गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने 3 जून को मोहाली के वाईपीएस चौक, फेज-7 में छापेमारी कर मनी सिंह, अभिषेक कुमार, शहजाद भट्टी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 1 किलो 928 ग्राम IED बम बनाने की विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, बैटरी, वायर और अन्य सामान बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार मनी सिंह ने बताया कि उसका देवबंद के गांव बचीटी निवासी मोहम्मद मोहत्सीम से संपर्क गैंगस्टर शहजाद भट्टी के जरिए हुआ था। दोनों इंस्टाग्राम और एक मैसेजिंग ऐप के माध्यम से संपर्क में थे।

मनी सिंह ने आगे बताया कि उसे और मोहत्सीम दोनों को मोहाली में बम विस्फोट करने का टारगेट दिया गया था। इसी इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस ने यूपी एटीएस से संपर्क किया, जिसके बाद देवबंद में संयुक्त छापेमारी कर मोहत्सीम को गिरफ्तार किया गया।

मोहाली ब्लास्ट क्या है?

यह मामला मई 2022 का है, जब पंजाब के मोहाली स्थित इंटेलिजेंस मुख्यालय पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) से हमला किया गया था। इस हमले के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय आतंकी नेटवर्क की गहन जांच शुरू की थी। जांच में सीमा पार बैठे आतंकी तत्वों और उनके भारतीय सहयोगियों की भूमिका भी सामने आई थी।

देवबंद से मोहत्सीम की गिरफ्तारी को उसी व्यापक जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। मोहत्सीम पर जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम करने, व्हाट्सएप OTP शेयर करने और आतंकी संगठन को अपना नंबर इस्तेमाल करने देने का भी आरोप है।