
लॉक डाउन
सहारनपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच सहारनपुर के लोग लॉक डाउन का पालन करने काे तैयार नहीं है। यह हम नहीं बल्कि पुलिस कार्रवाई कह रही है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के लोग अब तक 1 कराेड़ 80 लाख रुपए से भी अधिक रकम जुर्माने के रूप में भर चुके हैं।
सहारनपुर में अब तक 435 मुकदमें दर्ज किए जा चुके हैं इनमें 2 हजार 432 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है जबकि 2,246 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। जिले में लॉक डाउन का पालन कराने के लिए 68 बैरिकेडिंग कराई गई हैं। इन बैरिकेडिंग पर अब तक 32 हजार 773 वाहनों को चेक किया जा चुका है। इनमें से 12 हजार 517 वाहनों का चालान किया गया और 1 हजार 383 वाहनों को सीज किया गया। इन वाहनों से 1 करोड़ 14 लाख 15000 का शुल्क वसूला गया है।
अगर मुजफ्फरनगर की बात की जाए तो मुजफ्फरनगर में धारा 188 के तहत 717 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन मुकदमों में 3 हजार 205 लोगों के खिलाफ कार्यवाही हुई है जबकि गिरफ्तारी भी 3 हजार 205 लोगों की ही की गई है। जनपद में लॉक डाउन का पालन कराने के लिए 83 अलग-अलग बेरीकेडिंग कराई गई हैं और इन बैरिकेडिंग पर अब तक 51 हजार 395 वाहनों को चेक किया जा चुका है। इनमें से 18 हजार 316 वाहनों का चालान किया गया और 1 हजार 340 वाहन सीज किए गए। इन वाहनों से अभी तक 45 लाख 58 हजार 800 रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।
इसी तरह से अगर शामली की रिपोर्ट देखी जाए तो शामली में 128 मुकदमे दर्ज हुए हैं। इनमें 460 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है और 330 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। शामली जिले में लॉक का पालन कराने के लिए 21 बेरिकेडिंग की गई हैं। इनपर 12 हजार 730 वाहनों को चेक किया गया। इनमें से 8 हजार 202 वाहनों के चालान किए गए और 363 को सीज किया गया। अब तक शामली के लोग 21 लाख 46 हजार 800 रुपए का जुर्माना दे चुके हैं।
सहारनपुर मंडल की रिपोर्ट पर अगर नजर डाली जाए तो अब तक सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में 1,280 मुकदमें दर्ज हुए हैं जिनमें 6,097 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। इनमें से 5,781 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पूरे मंडल में 172 बैरिकेडिंग है और अब तक 96,898 वाहनों को चेक किया जा चुका है। इनमें से 39,035 वाहनों के चालान किए गए 3,086 वाहनों को सीज किया गया।
इन वाहनों से के स्वामियों से 1 कराेड़ 80 लाख 20 हजार 600 रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। इतनी बड़ी रकम जुर्माने के रूप में देने के बाद भी सहारनपुर शामली और मुजफ्फरनगर के लोग सुधरने के लिए तैयार नहीं हैं और लॉक डाउन का पालन नहीं कर रहे। सुबह 6:00 से 9:00 के बीच इन तीनों जिलों में लोग बेवजह अनावश्यक कार्यों से अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं।
Updated on:
25 Apr 2020 09:18 pm
Published on:
25 Apr 2020 08:50 pm
बड़ी खबरें
View Allसहारनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
