केपी त्रिपाठी/मेरठ. लॉकडाउन ने उन युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है, जो कई माह पहले से अपनी शादी की आस लगाए बैठे थे। उनकी शादी की तारीख पंडित ने अक्षय तृतीया के दिन को शुभ मानकर तय की थी, लेकिन इस बार न तो मंडपों के भीतर वो सजावट होगी और न ही मंडपों के बाहर बैडबाजों की धुन पर बरातियों के नाचने का वो माहौल ही देखने को मिलेगा। यानी सब कुछ कोरोना की भेट चढ़ गया है। मंडप एसोसिएशन के महामंत्री विपुल सिंघल की माने तो मेरठ में रजिस्ट्रर्ड मंडपों की संख्या 550 है। वहीं, छोटे-मोटे मंडपों को मिलाकर यह संख्या करीब 1500 के आसपास हो जाती हैं। इनमें वे स्कूल भी शामिल हैं, जहां पर शादी के आयोजन होते हैं, लेकिन इस बार रजिस्टर्ड मंडपों की 550 शादियां कैंसिल हो गई है। एक अनुमान के मुताबिक पूरे जिले में चतरीबन 1500 शादियां अक्षय तृतीया के दिन होनी निश्चित हुई थी। इन शादियों की तैयारियां कई महीने पहले से चल रही थी, लेकिन अब लॉकडाउन के चलते सब कुछ धरा रह गया है। विपुल सिंघल ने बताया कि आज हालात यह हैं कि बैंड बाजे और हलवाई का काम करने वाले हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए हैं। सभी मंडपों की बुकिंग कैंसिल हो चुकी है।