
PC: AI
सहारनपुर में हुई यह दुर्घटना बेहट-कलसिया के बीच नर्सरी के पास हुई। खनिज से लदे कई वाहन सड़क किनारे खड़े थे जिनमें सबसे पीछे आबिद नाम के युवक का डंपर खड़ा था। आबिद खतौली थाना क्षेत्र का रहने वाला था और वो डंपर के टायरों को देख रहा था। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने डंपर को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर आबिद को घसीटता हुआ काफी दूर ले गया। आबिद टायरों के नीचे बुरी तरह कुचल गया और उसका सिर धड़ से अलग हो गया। सड़क पर खून और शरीर के अंगों को देख लोगों की रूह कांप गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव के अंगों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसकी पहचान शामली जनपद के थानाभवन थाना क्षेत्र के निवासी चांद के रूप में हुई है। घायल चालक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस ट्रक ने टक्कर मारी वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और उसमें भी खनिज भरा हुआ था।
मृतक के भाई जाकिर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार जिस डंपर के नीचे आकर आबिद की मौत हुई, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों ही वाहन अवैध रूप से ओवरलोड खनिज लेकर जा रहे थे। जाम की स्थिति के कारण इन्हें नर्सरी के पास अस्थाई रूप से खड़ा किया गया था।
Updated on:
23 Jun 2025 05:20 pm
Published on:
23 Jun 2025 05:20 pm
