Sambhal Crime News: संभल में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर घरातियों और बारातियों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। पुलिस पहुंची तो उस पर भी पथराव हुआ, जिसमें दो दरोगा और दो सिपाही घायल हो गए।
Ruckus over dancing on DJ in Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल के धनारी थाना क्षेत्र के दरौली गांव में सोमवार रात शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर बवाल मच गया। घरातियों और बारातियों के बीच जमकर मारपीट हुई। मामला इतना बढ़ गया कि सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया गया। इस घटना में दो दरोगा और दो सिपाही घायल हो गए।
हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को भी आक्रोश का सामना करना पड़ा। पथराव में दरोगा बसंत कुमार और अंकित कुमार के सिर फट गए, जबकि सिपाही पवन ढाका और अक्षय कुमार को भी चोटें आई हैं। सभी घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पथराव और उपद्रव के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और दौड़ा-दौड़ाकर उपद्रवियों को पीटा। इस मामले में पुलिस ने 40 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है और अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
विवाद के बाद बारात बिना शादी किए ही लौट गई। दूल्हा और उसके रिश्तेदार रात में ही मौके से भाग निकले। इससे शादी नहीं हो सकी और दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसपी कृष्ण विश्नोई ने बताया कि घटना में शामिल कुल 40 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, जिनमें से 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।