14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

संभल में फिर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन पर बने मकानों और ईदगाह-मस्जिद पर कार्रवाई शुरू, भारी पुलिस बल तैनात

Sambhal News: संभल के गांव मढ़न में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर अभियान शुरू किया है। दो मकानों के साथ ईदगाह और मस्जिद पर भी कार्रवाई की जा रही है। मौके पर भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम तैनात है।
2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

Jul 14, 2026

sambhal bulldozer action illegal encroachment eviction

संभल में फिर चला बुलडोजर

Sambhal Bulldozer Action: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक बार फिर प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बुलडोजर अभियान शुरू किया है। प्रशासन की टीम गांव मढ़न में सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई कर रही है। इस दौरान पहले सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए दो मकानों को हटाया जा रहा है। इसके बाद सरकारी कब्रिस्तान की भूमि पर बने ईदगाह और मस्जिद के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

दो अलग-अलग गाटा नंबरों की जमीन पर कार्रवाई

प्रशासन के अनुसार कार्रवाई दो अलग-अलग सरकारी भूखंडों पर की जा रही है। पहला गाटा संख्या-208 है, जिसका कुल रकबा लगभग चार बीघा बताया गया है। इसी भूमि पर करीब 70 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनी ईदगाह और मस्जिद को तहसीलदार न्यायालय ने अवैध निर्माण माना है। वहीं दूसरा गाटा संख्या-393 है, जिसका रकबा करीब दो बीघा है। इस भूमि पर दो लोगों द्वारा मकान बनाकर कब्जा किया गया था, जिन्हें अब हटाया जा रहा है।

SDM के आदेश के बाद तेज हुई कार्रवाई

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसडीएम) आशुतोष तिवारी ने 8 जुलाई को दोनों मामलों में सरकारी भूमि खाली कराने के आदेश जारी किए थे। आदेश मिलने के बाद राजस्व विभाग ने संबंधित भूमि की पैमाइश कराई और सीमांकन की प्रक्रिया पूरी की। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी।

पैमाइश पूरी होने के बाद मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम

राजस्व विभाग की टीम ने पहले दोनों गाटा संख्या वाली जमीनों की पैमाइश कर वास्तविक सीमा का निर्धारण किया। सीमांकन पूरा होने के बाद अवैध कब्जों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रशासन का कहना है कि सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर ही यह अभियान चलाया जा रहा है ताकि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जा सके।

तीन थानों की पुलिस मौके पर

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। तीन थानों से करीब 100 पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। इसके अलावा राजस्व विभाग की ओर से दो नायब तहसीलदार और आठ लेखपाल भी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारी लगातार पूरे अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन की निगरानी में जारी है बुलडोजर अभियान

प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल गांव मढ़न में बुलडोजर कार्रवाई प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चल रही है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया जारी है और पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है।