
BJP Counsellor Comment : Why People don't Understand VIKAS
सतना. भाजपा पार्षद भगवती पाण्डेय के सोशल मीडिया पर निगमायुक्त पर किए गए व्यक्तिगत कमेंट का मामला अभी शांत भी नहीं हो पाया कि सतना नगर निगम के एक और भाजपा पार्षद की जुबान सोशल मीडिया में फिसल गई। वार्ड 17 के पार्षद गंगा कुशवाहा ने वाट्सऐप पर एक कमेंट किया है। उसमें उन्होंने अपने वार्ड के मतदाताओं को मूर्ख और मंदबुद्धि करार देते हुए लिखा है कि मैं समझता था कि आप प्रतिष्ठित आदमी हैं, लेकिन आप लोगों के दिमाग में भूसा भरा है। सत्ता के मद में चूर भाजपा पार्षद ने सोशल मीडिया में व्यक्तिगत कमेंट कर न सिर्फ जिले के प्रसिद्ध बघेली कवि सूर्यभान कुशवाहा को अपमानित किया है बल्कि यह कहते हुए वार्ड की जनता को आइना दिखाया है कि आप लोग प्रजांतत्र में हैं। इसलिए वोट तो देना पड़ेगा। मुझे नहीं दोगे तो मेरे जैसे किसी दूसरे भाई को देकर पार्षद बनाओगे।
इसलिए बौखलाए पार्षद
स्थानीय लोगों ने बताया, बुधवार की दोपहर हुई तेज बारिश में वार्ड की ज्यादातर कॉलोनियों में पानी भर गया था। कॉलोनियों की जाम नालियों से पानी निकलवाने की बजाय पार्षद गंगा कुशवाहा सोशल मीडिया में वार्ड की जनता को जनसंख्या दिवस पर समझाइश दे रहे थे। पार्षद का जनसंख्या दिवस पर किया गया मैसेज जनता को नहीं भाया। रहवासी सूर्यभान कुशवाहा सहित कुछ लोगों ने पार्षद के इस मैसेज पर कमेंट करते हुए लिखा कि जनसंख्या की चिंता छोडि़ए आप तो वार्ड की जनता को समस्याओं से निजात दिलाइए। इस कमेंट से बौखलाए पार्षद ने सोशल मीडिया में ही लोगों पर व्यक्तिगत कमेंट किए।
पार्षद ने लिखा- आप लोगों के दिमाग में भूसा भरा है
पार्षद गंगा कुशवाहा ने लिखा कि मैं विकास करा रहा हूं, लेकिन आप लोगों के दिमाग में भूसा भरा है। इसलिए विकास विनाश नजर आ रहा है। आपकी मंदबुद्धि के कारण ही बस्ती के पूर्व दिशा में बनने वाला नाला पश्चिम दिशा में बन रहा है।
Published on:
12 Jul 2018, 6:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.