सतना। सात साल की बालिका से बलात्कार करने वाले नाबालिग के घर पर प्रशासन ने शनिवार को बुलडोजर चलवा दिया। अमले ने उसके पिता द्वारा अवैध रूप से बनाया गया घर ढहा दिया है। आरोपी को पहले ही हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है।
पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम शनिवार दोपहर मैहर से 10 किमी दूर आरोपी के गांव पहुंची और उसके घर की नाप-जोख शुरू की। राजस्व विभाग ने यहां 18 बाय 50 क्षेत्र पर अतिक्रमण व कुछ हिस्से में निर्माण पाया था, जिसे जेसीबी से ढहा दिया। प्रशासन ने आरोपी के पिता को इसके लिए नोटिस भी जारी किया था। कार्रवाई तहसीलदार मानवेंद्र सिंह व थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी की मौजूदगी में की गई।
यह है मामला
आरोपी करीब 14 साल का है। 28 जनवरी की शाम उसने 7 वर्षीय बालिका को मोबाइल गेम दिखाने के बहाने एकांत में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया था। परिजनों को जानकारी लगी तो उन्होंने अगले दिन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 29 जनवरी को न्यायालय में पेश किया था, जहां से जेल भेज दिया गया।