19 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी बोर्ड रिजल्ट: SC-ST से आगे निकले OBC विद्यार्थी, अनारक्षित अभी भी सबसे आगे

माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश ने बोर्ड परीक्षा के जो जातिवार परिणाम जारी किए हैं उसमें अनारक्षित वर्ग का परिणाम अभी सबसे बेहतर है। सबसे कमजोर स्थिति अभी भी आदिवासी वर्ग के विद्यार्थियों की हैं।

2 min read
Google source verification
board exam

सतना। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश भोपाल ने हाईस्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। हाईस्कूल के जातिवार परीक्षा परिणामों को अगर देखें तो सतना जिले में सबसे बेहतर रिजल्ट सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों का रहा है। सामान्य वर्ग के 77 फीसदी विद्यार्थियों परीक्षा उत्तीर्ण की है, जो जिले के औसत परीक्षा परिणाम से 64 फीसदी से 13 फीसदी ज्यादा है। सबसे खराब परीक्षा परिणाम आदिवासी (एसटी) वर्ग के विद्यार्थियों का 46 फीसदी रहा। जो जिले के औसत से 18 फीसदी नीचे है। आरक्षित वर्ग में सबसे बेहतर परिणाम ओबीसी के विद्यार्थियों का 63 फीसदी रहा। लेकिन प्राइवेट विद्यार्थी के रूप में हाईस्कूल परीक्षा पास करने के मामले में स्थिति अलग नजर आई। यहां सफलता के मामले में एससी वर्ग ने ओबीसी वर्ग के परीक्षार्थियों को पीछे कर दिया।

यह रहा हाईस्कूल परीक्षा का परिणाम

हाईस्कूल का सतना जिले का औसत परीक्षा परिणाम 63.88 फीसदी रहा जिसमें 62.49 फीसदी छात्र तथा 65.19 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुई। अब जातिवार परिणामों की स्थिति देखे तो सामान्य वर्ग के 75.14 फीसदी छात्र तथा 78.49 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। इस तरह अनारक्षित वर्ग के कुल 76.82 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के परिणाम अगर देखें तो ओबीसी वर्ग के 61.12 फीसदी छात्र, 64.83 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुई। इस तरह ओबीसी वर्ग के कुल 63 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। अनुसूचित जनजाति वर्ग अर्थात आदिवासी वर्ग के विद्यार्थियों की स्थिति देखें तो कुल 45.86 फीसदी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 41.42 फीसदी छात्र और 49.40 फीसदी छात्राएं है। अनुसूचित जाति वर्ग के कुल 54.91 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए जिसमें 54.39 फीसदी छात्र और 55.36 फीसदी छात्राएं हैं। परिणाम बता रहे हैं कि सामान्य वर्ग को छोड़ अन्य सभी आरक्षित वर्ग के परिणाम औसत से नीचे हैं।

स्वयं पढ़ाई करके पास होने वालों में OBC से बेहतर SC

स्वाध्यायी रूप में परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम अगर देखें तो सतना जिले में 13.60 फीसदी विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। जिसमें सामान्य वर्ग के 21.03 फीसदी, एससी वर्ग के 12.70 फीसदी, ओबीसी वर्ग के 12.37 फीसदी तथा एसटी वर्ग के 10.44 फीसदी विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की।

नियमित में छात्राएं तो स्वाध्यायी में छात्र आगे

हाईस्कूल के परीक्षा परिणामों में अगर गौर करें तो नियमित परीक्षा परिणाम उत्तीर्ण करने के मामले में छात्राओं का प्रतिशत ज्यादा है। जबकि स्वाध्यायी परीक्षार्थियों में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों का प्रतिशत छात्राओं से ज्यादा है। नियमित में 62.49 फीसदी छात्र एवं 65.19 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। जबकि स्वाध्यायी में 14.66 फीसदी छात्र व 12.41 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुईं।

खेती किसानी की पढ़ाई में भी छात्राएं आगे

हायर सेकंडरी के परीक्षा परिणामों पर अगर गौर करें तो सबसे बेहतर परिणाम कृषि संकाय का रहा। यहां 86.52 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। सबसे खराब कला संकाय की स्थिति रही। इसमें 67.10 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। साइंस में 75.29 फीसदी, कॉमर्स में 80.51 फीसदी और होम साइंस में 85.19 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।

हायर सेकंडरी के जातिवार परिणाम

एससी - 66.98 उत्तीर्ण

एसटी - 67.19 उत्तीर्ण

ओबीसी - 72.20 उत्तीर्ण

सामान्य - 79.19 उत्तीर्ण

कुल - 73.21 उत्तीर्ण