31 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मोबाइल छीनकर कॉलर पकड़ी और जड़ा चांटा, चित्रकूट में लाइनमैन को पीटते हुए सब-स्टेशन में घुसे जज साहब

Chitrakoot - चित्रकूट के सब-स्टेशन में हुए विवाद पर पुलिस की शिकायत में खुलासा पुलिस को ऑपरेटर ने कहा- जज साहब लाइनमैन को पीटते हुए सब-स्टेशन में घुसे

2 min read
Google source verification

सतना

image

deepak deewan

May 31, 2026

Judge storms into sub-station in Chitrakoot while beating a lineman

Judge storms into sub-station in Chitrakoot while beating a lineman- Demo Pic

Chitrakoot- एमपी के सतना की आध्यात्मिक नगरी चित्रकूट में बिजली सब-स्टेशन में हुए विवाद में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले में पुलिस की शिकायत में खुलासा हुआ कि जज लाइनमैन को पीटते हुए सब-स्टेशन में घुसे थे। पुलिस को दिए बयान में ऑपरेटर पंकज सेन ने यह बात कही। उन्होंने बताया कि जज साहब अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ लाइनमैन संजय सेन को पीटते हुए सब स्टेशन के भीतर दाखिल हुए। जज ने उसकी कॉलर पकड़ी और चांटा भी जड़ा।

आंधी-तूफान के बाद गुरुवार की रात दो बजे से शुक्रवार तक करीब 19 घंटे ब्लैकआउट से नाराज न्यायिक मजिस्ट्रेट (जज) ने रजौला सब-स्टेशन पर गुस्सा निकाला। इस मामले को लेकर सब-स्टेशन के ऑपरेटर पंकज सेन ने थाने में दी अपनी शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

जज अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ लाइनमैन को पीटते हुए भीतर दाखिल हुए

ऑपरेटर ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात 7:30 बजे जज अपने दो सुरक्षाकर्मियों के साथ पहुंचे थे। वे लाइनमैन संजय सेन को पीटते हुए सब स्टेशन के भीतर दाखिल हुए। जज और उनके स्टाफ ने अपने घर की 19 घंटे से बिजली बंद होने का आरोप लगाते हुए पूरे चित्रकूट की बिजली बंद करा दी। ऑपरेटर का आरोप है कि दोनों सुरक्षाकर्मियों ने उसके साथ भी मारपीट की और मोबाइल छीन लिया। इसके बाद जज ने उसका कॉलर पकड़ा और उसे एक चांटा जड़ दिया।

वहीं गुरुवार के बाद दूसरे दिन भी कस्बे की बिजली गुल होने पर जब सब स्टेशन पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा होने लगी तो रात 9.15 बजे जज वहां से चले गए। इस बीच सब-स्टेशन पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने जज पर एफआइआर की मांग को थाने में रात एक बजे तक हंगामा किया था।

हालात बिगडऩे पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी पहुंची

रजौला सब-स्टेशन पर पहुंचे लोगों को जब बिजली गुल होने के पीछे अन्य लोगों के हाथ होने की जानकारी लगी तो बड़ी संख्या में वहां पहुंचे लोगों ने सब-स्टेशन को ही घेर लिया। हालात इतने बिगड़े कि बिजली कंपनी के अफसरों ने पुलिस और प्रशासन की मदद मांगी। चित्रकूट नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी पूरी टीम के साथ वहां मौजूद थे। लोग जज के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने को लेकर भी अड़े हुए थे। इस बीच प्रशासन के अफसरों ने लोगों को समझा- बुझाकर रात 12.30 बजे तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करा दी थी, लेकिन थाने में आक्रोशित लोगों को मजमा रात एक बजे तक बना रहा।