
किसानों की धनिया 20, बाजार में 100 रुपए किलो
सतना. शादी-विवाह के सीजन में मांग बढ़ते ही अचानक सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। इससे एक ओर जहां उपभोक्ताओं की जेब ढीली हो रही है, वहीं बाजार में सब्जियों के दाम उछलने के बाद भी जिले के सब्जी उत्पादक किसानों को मंडियों में सब्जी के इतने दाम भी नहीं मिल रहे कि वह परिवहन का खर्च निकाल सकें। जी हां, जिले की सब्जी मंडियों में अढ़तियों की मनमानी के चलते किसान और उपभोक्ता दोनों लुट रहे हैं। सब्जी उत्पादक मैहर क्षेत्र की मंडियों में आढ़ती जो धनिया किसानों से 20 से 30 रुपए किलो खरीद रहे हैं, उससे तीन से चार गुना महंगे दाम में बेच रहे हैं। बिचौलियों की मनमानी से लुट रहे किसानों ने बताया कि मंगलवार को धनिया के थोक भाव 20 से 30 रुपए किलो बोले गए। जबकि बाजार में फुटकर धनिया 80 से 100 रुपए किलो तक बिकी। कुछ एेसा ही हाल दूसरी हरी सब्जियों का भी रहा।
बाजार में बिचौलियों का कब्जा
छह माह तक खेतों में पसीना बहाने के बाद भी किसानों को मंडियों में सब्जियों के इतने भाव नहीं मिल रहे कि फसल की लागत निकल सके। वहीं किसानों से फसल लेकर व्यापारी तक पहुंचाने वाले अढ़ती फसल से दो से तीनगुना मुनाफा कमा रहे हैं। मैहर क्षेत्र में सड़क किनारे लग रही सब्जी की थोक मंडियों में प्रशासन का नियंत्रण न होने के कारण किसान बिचौलियों के हाथ लुटने को मजबूर है।
लालच देकर लूट रहे व्यापारी
पिपरा के सब्जी उत्पादक किसान अशोक कुशवाहा ने बताया कि मैहर की सब्जी मंडी में बचौलियों की मनमानी हावी है। जिस दिन सब्जी कम पहुंचती है, किसानों को लालल देने के लिए भाव बढ़ा देते हैं, लेकिन जब दूसरे दिन भाव में तेजी देख किसान अधिक मात्रा में सब्जी लेकर मंडी पहुंचते हैं तो भाव गिरा दिए जाते हैं। मजबूरन किसानों को सब्जी लागत से भी कम दाम में बेचना पड़ता है।
बाजार पहुंचते ही तीन गुना बढ़ जाते हैं दाम
जिला प्रशासन चुनाव में व्यस्त है। सब्जी कारोबार में प्रशासन का नियंत्रण न होने के कारण किसान एवं उपभोक्ता दोनों को लुट रहे हैं। इसका अनुमान इससे लगाया जा सकता है कि मंडी से बाजार पहुंचते ही महज दो घंटे में सब्जियों के दाम तीन से चार गुना तक बढ़ जाते हैं। इसका प्रत्यक्षउदाहरण मंडियों में तीन से चार गुना महंगे बिक रहे धनियां लौकी एवं टमाटर के दाम हैं।
यूं लुट रहे किसान
सब्जी थोक मूल्य बाजार मूल्य
धनिया 20-30 80-100
टमाटर 5-8 20-25
लौकी 10-12 25-30
करैला 30-35 60-80
मिर्चा 15-20 50-60
Published on:
25 Apr 2019 08:05 am
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
