
धान खरीदी की समीक्षा करते कलेक्टर अनुराग वर्मा, मौजूद रहे फूड, सहकारिता व नान के अफसर
सतना. कलेक्टर ने धान खरीदी से संबंधित सभी अधिकारियों से कहा है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिलनी चाहिए। अगर कोई दोषी मिलता है तो उस पर कार्रवाई करें। कहा, अगर कोई अधिकारी कर्मचारी दोषी मिलता है तो उसे भी नहीं छोड़ा जाएगा। हरदा में जेएसओ पर एफआईआर दर्ज करा चुका हूं। यहां ऐसी स्थिति न बने। यह बातें उन्होंने नियमित होने वाली रात 8 बजे की धान खरीदी समीक्षा के दौरान कहीं।
परिवहन में अंतर मिलने पर भड़के
धान खरीदी केन्द्र में उठाव की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने डीएम नान दिलीप सक्सेना से परिवहन की स्थिति पूछी तो उन्होंने 70 फीसदी होना बताया। लेकिन कलेक्टर के पास मौजूद आंकड़ों में यह 61 फीसदी रहा। इस पर कलेक्टर ने डीएम नान को जमकर फटकार लगाई। उल्लेखनीय है कि 90 फीसदी परिवहन होने तक कलेक्टर ने डीएम नान की वेतन रोकने के आदेश दिए हैं।
एएसओ सहित ट्रांसपोर्टर को नोटिस
कलेक्टर ने पाया कि परिवहन में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है। इस पर ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहे एएसओ नागेन्द्र सिंह को भी नोटिस देने कहा। डीएम नान से कहा कि काम में सुधार नहीं हो रहा है इसलिये आदत सुधार लो। डीएसओ से कहा कि मनमानी किसानों को यहां से वहां जोड़ दिये हो, 3 दिन से रिमैप करने कह रहा अब कार्रवाई करूंगा।
पगार खुर्द राशन वितरण की होगी जांच
कलेक्टर डीएसओ से कहा कि पगार खुर्द में 6 माह से राशन नहीं बंटने की शिकायत आई है। जेएसओ को मौके पर भेजो और पूरी जांच करवा कर प्रतिवेदन मुझे प्रस्तुत करो। प्रतिदिन अचानक खरीदी बढऩे वाले खरीदी केन्द्रों को चिन्हित कर जांच करने के निर्देश दिए।
Published on:
23 Dec 2021, 10:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.