
police arrest culprit
सतना. विंध्य चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इण्डस्ट्रीज की अमानत में खयानत के इल्जाम में सिटी कोतवाली पुलिस ने चेम्बर के पूर्व महामंत्री यशपाल जैन उर्फ कक्का को गिरफ्तार किया है। जब व्यापारी के बीच गिरफ्तारी की खबर पहुंची तो कोतवाली में मझमा लग गया। इसी मामले में पुलिस चेम्बर के एक ऑपरेटर को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
यह है मामला
जानकारी मिली है कि विंध्य चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इण्डस्ट्रीज की पुरानी कार्यकारणी का कार्यकाल ७ जुलाई 2018 को समाप्त हो गया था। इसके बाद भी पूर्व महामंत्री यशपाल जैन उर्फ कक्का ने ऑपरेटर ब्रजेश चौधरी से मिलकर निर्माण कार्य व चुनाव रसीद बनवाने के लिए 50 हजार रुपए आहरित किए थे। जब नई कार्यकारणी बनी तो इस बात को मुद्दा बना लिया गया। जिसके बाद वर्तमान महामंत्री ऋिषि अग्रवाल ने 9 जुलाई 2019 को एक आवेदन देते हुए सिटी कोतवाली में मामला दर्ज करा दिया गया।
विवेचना में बढ़ी धारा
पुलिस से जानकारी मिली है कि आइपीसी की धारा 406 के तहत अमानत में खयानत का मामला मानते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद विवेचना के दौरान डीपीओ की राय पर धारा 408, 467, 468, 34 बढ़ाई गई। इस प्रकरण में मामला दर्ज होने के कुछ दिन बाद ही ब्रजेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जबकि यशपाल की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।
बयान के बहाने बुलाया
पता चला है कि मंगलवार की सुबह सिटी कोतवाली पुलिस यशपाल के घर पहुंची। उन्हें बयान देने के बहाने से थाने बुलाया गया। जब यशपाल थाने आए तो उन्हें बैठा लिया गया। टीआई संतोष तिवारी भी विभागीय काम से निकल गए थे एेसे में सिफारिश नहीं चल पाई। शाम होने तक पुलिस ने दस्तावेजी गिरफ्तारी कर ली थी। अब बुधवार को ही चेम्बर के पूर्व महामंत्री यशपाल को अदालत में पेश किया जाएगा।
Published on:
8 Jan 2020, 12:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.