
Satna - central jail
सतना। केंद्रीय जेल में शुक्रवार को गांजा मिलने से हड़कंप मच गया। यहां 10-10 ग्राम की पुड़िया सप्लाई होती थी। इसका उपयोग कैदी करते थे। वे जेल के कोने में गुपचुप तरीके से समूह बनाकर गांजा पीते भी रहे। जेल के अंदर गांजा पहुंचा कैसे? इसकी विभागीय जांच शुरू हो गई है। संबंधित कैदियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होने की बात सामने आ रही है। जेल से जुड़े सूत्रों की मानें तो जेल के कुछ कैदियों की हरकत संदिग्ध लग रही थी।
इसके चलते विगत दो सप्ताह से जेल प्रबंधन उन पर निगरानी बैठाए हुए था। शुक्रवार सुबह 7 बजे एक कैदी बैरक के बगल में खुले हिस्से में गया और जमीन खोदकर कुछ निकालने लगा। तभी प्रहरी राजेंद्र पटेल ने उसे देख लिया और पकड़ कर जेलर के सामने खड़ा कर दिया।
जांच की गई तो मौके पर गांजे की 10-10 ग्राम की पांच पुडिय़ा मिली। मामला खत्म भी नहीं हुआ था कि कुछ देर बाद उसी क्षेत्र में दूसरा कैदी जमीन खोदते दिख गया। उसे पकड़ कर जांच की गई, तो मौके से 50 ग्राम गांजा फिर मिल गया। इस तरह मात्र 4 घंटे में जेल के अंदर दो बार गांजा मिलने की घटना सामने आ गई।
डकैत से जुड़ा मामला
जेल सूत्रों की मानें तो यह पूरा मामला एक डकैत से जुड़ा है। उसके कुछ लोगों द्वारा गांजा लाया गया था और जेल के एक कोने में छिपाकर रखा गया था। वे गड़े हुए गांजे को कैदियों के माध्यम से अपने पास मंगाता था, ताकि किसी को शक न हो।
जेल में कैसे पहुंचा
जेल प्रबंधन के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि गांजा जेल परिसर के अंदर कैसे पहुंचा। जबकि दो जांच के बाद कैदी अंदर जाते हैं। प्रतिदिन सुबह-शाम भी कैदियों की जांच होती है। औचक निरीक्षण होता है। ऐसे में जेल प्रबंधन की भूमिका भी सवालों में हैं।
विचाराधीन कैदी के परिजनों से मांगे पैसे
जेल कर्मचारियों पर भी गंभीर आरोप लग रहे हैं। सूत्रों की मानें तो जेल के अंदर बंद एक विचाराधीन कैदी के परिजनों से पांच हजार की मांग की गई थी। संबंधित परिजन शुक्रवार को पैसा लेकर पहुंचे भी थे। लेकिन, गांजाकांड सामने आने के बाद संबंधित जेलकर्मी पैसे लेने की तय जगह पर भी नहीं पहुंचा। इस कारण परिजन वापस लौट आए।
जांच के दौरान गांजा पकड़ा गया है। जब्ती करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संबंधित कैदियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बीवी शुक्ला, प्रभारी जेल अधीक्षक, केंद्रीय जेल
Published on:
18 Nov 2017 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
