10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जनता से आशीर्वाद मांगने ट्रेन से मैहर पहुंचे CM, मां शारदा के दर्शन कर शुरू की जन आशीर्वाद यात्रा, ये है पूरा रूट चार्ट

जन आशीर्वाद यात्रा: 11 बजे मैहर से होगी यात्रा की शुरुआत, दो दिवसीय कार्यक्रम की तैयारी पूरी, सतना में बीटीआई ग्राउंड में होगी सभा, 8 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे

3 min read
Google source verification

सतना

image

Suresh Mishra

Jul 18, 2018

Jan Ashirwad Yatra: MP CM shivraj singh chauhan maihar visit

Jan Ashirwad Yatra: MP CM shivraj singh chauhan maihar visit

सतना। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जिले में जन आशीर्वाद यात्रा के लिए रेवांचल एक्सप्रेस से सतना पहुंच चुके है। यह पहली बार है जब सीएम ट्रेन से सतना आए हैं। वे सुबह 6 बजे रेवांचल एक्सप्रेस से मैहर पहुंचें। 10.45 बजे मां शारदा के दर्शन पूजन के बाद 11 बजे से यात्रा की शुरुआत की। पूर्व में जारी कार्यक्रमों के अनुसार उन्हें सतना प्लेन से पहुंचना था, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी के बाद विमान के उड़ान में बाधा होने की आशंका के चलते मुख्यमंत्री ने भोपाल से ही रेवांचल एक्सप्रेस से आने का निर्णय लिया। सीएम आगामी दो दिन तक जिले में रहते हुए सातों विधानसभा के 60 से ज्यादा गांवों में पहुंचेंगे। इस दौरान 30 घंटे तक जनता के बीच रहेंगे और 13 जगह सभाओं को संबोधित करेंगे। सतना, मैहर, बिरसिंहपुर, नागौद, उचेहरा, रामपुर और अमरपाटन में सभाएं होंगी।


मैहर स्टेडियम में आमसभा के बाद उनके कार्यक्रम पूर्वरत रहेंगे। वे 11.40 बजे मैहर से बदेरा के लिए रवाना होंगे। इसके बाद क्रमश: लटागांव, जोवा, 12.50 बजे से बड़ा इटमा, मड़वार, गोरसरी गांव बाया मिरगौती, रामनगर, गोरसरी चौराहा, किरहाई, अमरपाटन पहुंचेंगे। 3 बजे से लालपुर, बींदा, जमताल, असरार, शिवपुरवा, कृष्णगढ़, बांधा, रामपुर बाघेलान स्टेडियम सभा, बढ़ौरा, प्रिज्म सीमेंट मोड़, बम्हौरी, हिनौती, मलगांव और घुंघचिहाई पहुंचेंगे। शाम 4.10 बजे से बाबूपुर, बदखर, बिरला कॉलोनी, सिंधी कैम्प, बीटीआई ग्राउंड सतना सभा, सेमरिया चौक, कृष्णनगर, हॉस्पिटल चौक, पन्नीलाल चौक, जयस्तंभ चौक, सिटी कोतवाली चौक, प्रेमनगर, धवारी चौराहा, राजेन्द्र नगर और सिविल लाइन चौक पहुंचेंगे। रात 8 बजे वे सर्किट हाउस विश्राम के लिए पहुंचेंगे।

अंत तक रही ऊहापोह
यह पहला अवसर है जब मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अंत तक ऊहापोह की स्थिति बनी रही। एक सप्ताह पहले यह रहा कि यह सरकारी कार्यक्रम है। इसके बाद जब पार्टी कार्यक्रम घोषित हुआ तो रोज नया कार्यक्रम तय होता रहा। मंगलवार को 6 बजे तक प्रशासन और भाजपा यह अधिकृत बताने की स्थिति में नहीं थे कि सीएम कैसे और कब पहुंच रहे हैं। अंतिम पुष्टि के लिए सीएम के ट्रेन में बैठने तक का इंतजार किया गया। सांसद गणेश सिंह ने रात करीब 9 बजे सीएम ट्रेन के आने की पुष्टि की।

तीन घंटे का अंतर
प्रशासनिक व भाजपा की समय-सारिणी में अंतर है। दूसरे दिन प्रशासन के अनुसार 3.30 बजे उचेहरा में सभा खत्म हो जाएगी और सीएम खजुराहो रवाना हो जाएंगे। भाजपा के कार्यक्रम अनुसार मुख्यमंत्री 6.30 बजे तक उचेहरा में सभा को संबोधित करेंगे। इस तरह 3 घंटे का अंतर आ रहा है।

कांग्रेस ने मांगा समय
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने उनसे मिलने का समय मांगा है। कार्यकारी अध्यक्ष राजभान सिंह ने कहा कि वे जिले की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराना चाहते है।

इधर विरोध की बात
विरोध प्रदर्शन की बात भी सामने आ रही है। हालांकि इन स्थितियों पर पुलिस की नजर बनी हुई है। कोई कह रहा कि मेडिकल कॉलेज भाजपा का कार्यक्रम बनाने का विरोध होगा, तो कोई विकास के रुके काम पर विरोध करने जा रहा है।

मुद्दे होंगे चुनौती
कार्यक्रम मुख्यमंत्री के लिए चुनौती से कम नहीं होगा। हर विधानसभा में बड़े मुद्दे हैं। उनके समाधान को लेकर जनता लंबे समय से मांग कर रही है। विगत पंचवर्षीय में कई ऐसी घोषणाएं हैं, जो सीएम पूरा नहीं कर पाए। ऐसे में कहीं भी आम व्यक्ति सवाल कर बैठेगा, जिससे स्थिति संभालना चुनौती होगी। पार्टी के अंदर असतुंष्टों का बड़ा धड़ा है, जो पर्दे के पीछे ऐसा माहौल बनाने में जुटा हुआ है।

विपक्षियों के क्षेत्र में जोर
विगत पंचवर्षीय जिले में भाजपा को बड़ा नुकसान हुआ था। नागौद, चित्रकूट व मैहर सीट गवां दी थी। हालांकि बाद में दल-बदल के बाद उपचुनाव के माध्यम से मैहर सीट पर कब्जा कर लिया। लेकिन, इन स्थानों पर अभी भी भाजपा की स्थिति बेहतर नहीं है। मुख्यमंत्री के सामने चुनौती है कि इन विस में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएं, ताकि भाजपा प्रत्याशियों को लाभ हो सके।

नेताओं ने संभाला मोर्चा
कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। सांसद घूम-घूमकर बैठकें कर रहे हैं। सतना विधायक शंकर लाल तिवारी, मैहर नारायण त्रिपाठी सहित अन्य मोर्चा संभाले हुए हैं। रामपुर में मंत्री हर्ष सिंह एक-एक कार्यकर्ता को मैदान में उतारे हुए हैं। जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, यात्रा प्रभारी योगेश ताम्रकर ताकत लगाए हुए हैं। अमरपाटन में रत्नाकर चतुर्वेदी दम दिखा रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष के आरोप
इधर, मुख्यमंत्री की जिले में शुरू होने जा रही दो दिवसीय यात्रा को लेकर कांग्रेस आक्रामक हो गई है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा, शिवराज सिंह ने न केवल प्रभुराम से झूठ बोला बल्कि मैहर की मां शारदा को भी धोखा दिया। 11 साल पहले अपनी घोषणा में रामवन पथ गमन बनाने की बात कही थी। लेकिन राम की कर्मभूमि में की गई घोषणा झूठी साबित हुई। मैहर को स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की गई थी लेकिन कहीं भी कोई काम नहीं दिख रहे हैं। राम वन गमन पथ के अलावा इन क्षेत्रों का उत्थान कर राम स्मृति संग्रहालय, रामलीला केंद्र और नए गुरूकुल एवं आश्रम की स्थापना की घोषणा की थी।