5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कृषि उपज मंडी में 10 से नहीं हुई डाक, बाजार में बिचौलियों से लुट रहे किसान

सतना जिले के उचेहरा तहसील का मामला, कमीशन के लिए अधिकारी ही नहीं चाहते शुरू हो डाक

2 min read
Google source verification
Neemuch Krishi Mandi Letest News In Hindi

मंडी में सुरक्षित रहेंगे किसान के दस्तावेज

उचेहरा. 10 वर्ष पूर्व करोड़ों रुपए की लागत ने बनी नई गल्ला मंडी आज भी अव्यवस्था की शिकार है। यहां अब तक गल्ले की तौल नहीं शुरू की गई। तहसील की ढाई दर्जन पंचायतों से उपज लेकर आने वाले किसान बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर अपना गल्ला बेच देते हैं। इस पूरी हकीकत से मंडी निरीक्षक भी वाकिफ हैं। वह यह भी जानते हैं कि स्टेशन से बस स्टैंड स्थित पुरानी गल्ला मंडी तक दर्जनों गल्ला ब्यापारी हैं, लेकिन लाइसेंस किसी के पास नहीं है। अधिकारी जानकर अनजान बन जाते हंै। स्थानीय सूत्रों की मानें तो कारोबारी जिस इलेक्ट्रिक कांटे से गल्ले की तौल करते हैं, उसकी सेटिंग ठीक नहीं होती। लिहाजा, किसानों पर दोहरी मार पड़ती है। एक तो उन्हें सही दाम नहीं मिलता, दूसरा तौल भी कम दिखाई जाती है।

मिलीभगत से लगा रहे शासन को चपत
मंडी में किसानों से खरीदे गई उपज व बिक्री के लिए बाहर जाने वाली उपज का अनुबंध काटना जरूरी होता है। ताकि, शासन को राजस्व मिल सके। लेकिन यहां पदस्थ मंडी निरीक्षक व व्यापारियों की मिलीभगत से शासन का राजस्व हानि पहुंचाई जा रही है। यह नागौद मंडी के आधीन है। इसी का फायदा यहां पर तैनात कर्मचारी उठा रहे हैं। वरिष्ट अधिकारी भी यहां नहीं आते, जिससे इनकी गतिविधियों की निगरानी हो सके।

पुरानी मंडी से मोह
पुरानी गल्ला मंडी में ही थोक और फुटकर दोनों प्रकार की खरीदी की जाती है। यहां किसानों के लिए न तो पानी न सुविधा है न ही धूप से बचने के इंतजाम। आधी मंडी में ही टीन शेड लगा है। वहां पर कई गल्ला कारोबारियो का कब्जा किसान के लिए बैठने तक की छांव नहीं ।

किसान यूनियन ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा
भारतीय किसान यूनियन ने ब्लाक अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में तहसीलदार अजयराज सिंह को ज्ञापन सौंपा। बताया, मंडी निरीक्षकों की सह पर किसान बिचौलियों के हाथों लुट रहे हैं। यह सब बंद होना चाहिए। मंडी अधिकारी व व्यापारी खुद नहीं चाहते कि नई मंडी शुरू हो। क्योंकि, इससे बाहरी कमाई ठप हो जाएगी। ब्लाक अध्यक्ष ने चेताया कि जल्द ही नई गल्ला मंडी शुरू नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने में गयासिंह, केडी सिंह, रमेश पयासी, रामविश्वास सिंह, कमलेंद्र सिंह, रामाधार, मुन्नी बाई कुशवाहा, लाला प्रसाद रजक सहित अन्य किसान मौजूद रहे।